मुख्यपृष्ठनए समाचारशव लेकर जा रहे थे, रास्ते में खुद बन गए शव

शव लेकर जा रहे थे, रास्ते में खुद बन गए शव

-पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर एंबुलेंस की खड़ी पिकअप में टक्कर, पांच की मौत… मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान

सामना संवाददाता / बाराबंकी

पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। थाना सुबेहा क्षेत्र में किलोमीटर 53.3 के पास तेज रफ्तार एंबुलेंस ने सड़क किनारे खड़ी पिकअप में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में एंबुलेंस सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी हैदरगढ़ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, एंबुलेंस संख्या RJ 14 PF 8529 पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से गुजर रही थी। इसी दौरान उसने खड़ी पिकअप संख्या UP 78 JT 6480 में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और यूपीडा की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
बताया जा रहा है कि एंबुलेंस में गुड़गांव में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले बिहार के समस्तीपुर निवासी अशोक शर्मा का शव रखा था। उनके परिजन शव लेकर गांव में अंतिम संस्कार के लिए जा रहे थे। लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने परिवार को एक और गहरे दुख में डाल दिया। हादसे में अशोक शर्मा के बेटे राजकुमार शर्मा उर्फ सतीश शर्मा, रवि शर्मा, फूलो शर्मा और एंबुलेंस के दोनों चालक सरफराज व आबिद की मौत हो गई।
हादसे की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक विवेक तिवारी समेत पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। अपर पुलिस अधीक्षक ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि पुलिस की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के कारणों की जांच कराई जा रही है और सभी जरूरी विधिक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
हादसे की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने तथा मृतकों के परिजनों से संवाद कर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

अन्य समाचार