सामना संवाददाता / अमेठी
जीवन में मुश्किलें आएं तो उनसे हार मानने के बजाय उनका सामना करने का हौसला पैदा करें। तनाव और चिंता को खुद पर हावी न होने दें, क्योंकि हर समस्या का समाधान संभव है। इसी प्रेरक संदेश के साथ भेंटुआ विकासखंड के गैरिकपुर स्थित स्वामी दशरथ महाराज बालिका इंटर कॉलेज में विद्यार्थियों के लिए विशेष प्रेरणात्मक सत्र आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में महाराष्ट्र राज्य सरकार के हिन्दी साहित्य अकादमी पुरस्कार से पुरस्कृत दार्शनिक चिंतक एवं प्रेरक वक्ता डॉ. रमाकांत तिवारी ‘क्षितिज’ ने विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें जीवन की चुनौतियों से मुकाबला करने के गुर सिखाए। उन्होंने तनाव, चिंता, अवसाद और नकारात्मक विचारों से बचने के उपाय बताए। साथ ही शरीर के सात चक्रों की अवधारणा समझाते हुए विद्यार्थियों को योगाभ्यास कराया और मन को शांत रखने तथा एकाग्रता बढ़ाने के तरीके बताए।
डॉ. तिवारी ने कहा कि जीवन अनमोल है और किसी भी परिस्थिति में निराश होकर गलत कदम नहीं उठाना चाहिए। अपनी परेशानियों को परिवार, शिक्षकों और विश्वसनीय लोगों के साथ साझा करना चाहिए। शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे अंक हासिल करना नहीं, बल्कि व्यक्ति को आत्मनिर्भर, विवेकशील और जिम्मेदार बनाना भी है।
कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्य आशुतोष सिंह ने डॉ. रमाकांत तिवारी ‘क्षितिज’ के प्रति विद्यालय परिवार की ओर से आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि उनका प्रेरणादायक मार्गदर्शन विद्यार्थियों के लिए उपयोगी और जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाला है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रधानाचार्य आशुतोष सिंह के साथ शिक्षक देव नारायण दुबे, संतोष सिंह, शैलेंद्र पाठक, शिवप्रसाद विश्वकर्मा, ज्योति सिंह, सुनीता सिंह एवं गीता यादव का विशेष योगदान रहा। पत्रकार शशिकांत तिवारी पुजारी श्रीकांत तिवारी और रोहित तिवारी ने भी सहयोग किया। छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
यह आयोजन विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ जीवन जीने की कला, आत्मविश्वास, मानसिक मजबूती और सकारात्मक दृष्टिकोण का संदेश देने वाली प्रेरणादायक पहल बना।
