मुख्यपृष्ठनए समाचारलोकापुर हत्याकांड :  पीड़ित परिवार के दरवाजे पहुंची कांग्रेस...दोषियों की गिरफ्तारी के...

लोकापुर हत्याकांड :  पीड़ित परिवार के दरवाजे पहुंची कांग्रेस…दोषियों की गिरफ्तारी के लिए उठाई आवाज

– न्याय मिलने तक परिवार के साथ खड़ी रहेगी पार्टी

राजेश सरकार / प्रयागराज

लोकापुर गांव में विजय पटेल की निर्मम हत्या के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। इस घटना को लेकर राजनीतिक हलचल भी तेज होने लगी है। कांग्रेस गंगापार जिलाध्यक्ष अशफाक अहमद ने पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि न्याय की इस लड़ाई में कांग्रेस परिवार को अकेला नहीं छोड़ेगी और दोषियों को सजा दिलाने तक उनकी आवाज बुलंद करती रहेगी।
पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान जिलाध्यक्ष ने सोरांव के उपजिलाधिकारी और डीसीपी गंगानगर से फोन पर वार्ता कर घटना में शामिल आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने अधिकारियों से पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के साथ उसकी सुरक्षा और उचित सहायता सुनिश्चित करने की भी बात कही।
अशफाक अहमद ने कहा कि लोकापुर में विजय पटेल की हत्या ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अपराध पर नियंत्रण और आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर सरकार के दावों की हकीकत ऐसी घटनाओं से सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता केवल कानून-व्यवस्था दुरुस्त होने का दावा करना नहीं, बल्कि आम आदमी को भयमुक्त माहौल उपलब्ध कराना होना चाहिए। एक परिवार का सहारा और घर का चिराग छिन जाना बेहद पीड़ादायक है। ऐसे में पीड़ित परिवार को महज सांत्वना नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई और न्याय मिलना चाहिए।
इस दौरान जिला महासचिव शमशुल कमर, ओमप्रकाश पासी, वार रूम प्रभारी सद्दाम हुसैन सिद्दीकी, ब्लॉक अध्यक्ष मो. फारुक, मो. शमीम, अंसार अली सोनू, चंद्रबलि चौधरी, मो. वसीम और सुरेश पटेल सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद रहे।

अन्य समाचार