-बालसन से लाउदर रोड होते हुए मेडिकल कॉलेज तक बिछेगी पाइपलाइन
राजेश सरकार / प्रयागराज
शहर को जलभराव की समस्या से राहत दिलाने, यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुविधाएं बढ़ाने की कवायद तेज हो गई है। इसी कड़ी में मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. ने शनिवार को बालसन चौराहे से लाउदर रोड होते हुए मेडिकल कॉलेज तक पाइपलाइन बिछाने के कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही मेडिकल कॉलेज चौराहे के फुटपाथ को अतिक्रमणमुक्त कराने और हनुमान मंदिर कॉरिडोर के शेष निर्माण कार्य माघ मेला-2027 से पहले पूरा कराने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ऋषिराज और नगर आयुक्त साईं तेजा समेत संबंधित अधिकारियों के साथ विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति परखी। बालसन चौराहे पर निरीक्षण के दौरान उन्होंने लाउदर रोड की ओर बिछाई जा रही पाइपलाइन के कार्य की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि इस इलाके में बारिश के दौरान जलभराव की प्रमुख वजह नालों की अपर्याप्त निकासी, अतिक्रमण और अन्य अवरोध हैं। समस्या के स्थायी समाधान के लिए बालसन चौराहे से लाउदर रोड होते हुए मेडिकल कॉलेज तक पाइपलाइन बिछाई जा रही है। मंडलायुक्त ने कार्य को निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप समयसीमा में पूरा कराने का निर्देश दिया। साथ ही इस वर्ष बारिश के दौरान हुए जलभराव के वास्तविक कारणों का विश्लेषण कर भविष्य के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने तथा नालों पर हुए अतिक्रमण और जल निकासी में बाधक अवरोधों को चिह्नित कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।
फुटपाथ पर कब्जा, राहगीरों की राह में रोड़ा
मेडिकल कॉलेज चौराहे के पुनः निरीक्षण में फुटपाथ पर वेंडर्स का कब्जा बरकरार मिलने पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि फुटपाथ पर अतिक्रमण के चलते पैदल चलने वालों को परेशानी उठानी पड़ रही है और यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने अधिकारियों को फुटपाथ पूरी तरह अतिक्रमणमुक्त कराने के साथ वेंडिंग गतिविधियों के सुव्यवस्थित संचालन के लिए कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। अतिक्रमण करने वाले वेंडर्स को किसी उपयुक्त वैकल्पिक स्थान पर व्यवस्थित ढंग से शिफ्ट कर निर्धारित वेंडिंग जोन में ही कारोबार सुनिश्चित कराने को कहा।
माघ मेला-2027 से पहले संवरेंगे हनुमान मंदिर के रास्ते
इसके बाद मंडलायुक्त ने हनुमान मंदिर क्षेत्र और निर्माणाधीन कॉरिडोर का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मंदिर में पूरे वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी सुविधा और सुगम दर्शन को प्राथमिकता देते हुए कॉरिडोर एवं गर्भगृह के शेष कार्य माघ मेला-2027 से पहले निर्धारित समयसीमा में पूरे कराए जाएं। मंदिर तक पहुंचने वाले मार्ग को सुगम बनाने के लिए अप्रोच रोड के चौड़ीकरण की संभावनाओं पर सेना के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
मंदिर के आसपास और सड़क किनारे जमा गंदगी एवं सिल्ट की तत्काल सफाई कराने के साथ ही मार्ग पर लगने वाले वेंडर्स को भी वैकल्पिक स्थान पर व्यवस्थित करने को कहा, ताकि सड़क अतिक्रमणमुक्त रहे और श्रद्धालुओं के आवागमन में कोई बाधा न आए। मंडलायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से निर्माण एवं विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने की हिदायत दी।
