इन दिनों फिल्म ‘रामायण’ में मंदोदरी के किरदार को लेकर चर्चा में रहने वाली काजल अग्रवाल ने अपनी जिंदगी का एक ऐसा किस्सा सुनाया है, जिसे याद करके आज भी उनके रोंगटे खड़े हो जाते हैं। अभिनेत्री ने फिल्म ‘इंडियन २’ की शूटिंग के दौरान हुए क्रेन हादसे को याद किया। फरवरी २०२० में चेन्नई के ईवीपी फिल्म सिटी में हुई इस दुर्घटना में तीन क्रू मेंबर्स की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हुए थे। काजल ने बताया कि हादसे के वक्त वह सेट पर मौजूद थीं और ८० साल की बुजुर्ग महिला के लुक में तैयार थीं। अचानक अफरा-तफरी मची तो वह भी भागने लगीं, लेकिन पीछे मुड़कर देखा तो करीब १०० फीट ऊंची क्रेन उनकी तरफ गिर रही थी। काजल के मुताबिक, वह डर से जम गई थीं। उन्हें लगा जैसे किसी अदृश्य शक्ति ने उन्हें वहां से खींच लिया हो। इस घटना के बाद भगवान कृष्ण पर उनकी आस्था और गहरी हो गई।
