मुख्यपृष्ठस्तंभविजय-विमर्श : कांग्रेस के लिए संजीवनी राजस्थान के पंचायती चुनाव नतीजे

विजय-विमर्श : कांग्रेस के लिए संजीवनी राजस्थान के पंचायती चुनाव नतीजे

-विजयशंकर चतुर्वेदी

राजस्थान के पंचायत चुनावों के नतीजों ने प्रदेश की राजनीति में नए समीकरणों को जन्म दिया है, जो भजनलाल शर्मा के नेतृत्ववाली भाजपा सरकार के लिए आत्ममंथन का विषय हैं। सत्ता में आने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में भाजपा की पकड़ कमजोर पड़ती दिखी है। आंकड़ों के अनुसार, कांग्रेस ने जिला परिषद की ७९४ सीटों पर कब्जा जमाया, जबकि भाजपा ३५७ सीटों पर सिमट गई। पंचायत समितियों में भी कांग्रेस ने बड़ी बढ़त हासिल की।
इस बदलाव के पीछे स्थानीय स्तर पर सत्ता विरोधी भावना, जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराजगी और बुनियादी मुद्दों जैसे सड़क, बिजली, पानी, सिंचाई और रोजगार की अनदेखी प्रमुख कारण माने जा रहे हैं। ग्रामीण चुनावों में बड़े नारों के बजाय स्थानीय मुद्दे, उम्मीदवार की छवि और जातीय समीकरण अधिक प्रभावी रहते हैं।
कांग्रेस के लिए यह जीत निश्चित रूप से एक नई ऊर्जा और संजीवनी लेकर आई है, खासकर जब शहरी निकायों में मुकाबला बेहद नजदीकी रहा था। हालांकि, गुटबाजी और कमजोर जमीनी संगठन जैसी पुरानी चुनौतियों से पार पाए बिना इस बढ़त को स्थायी जनाधार में बदलना आसान नहीं होगा।
इन नतीजों का सबसे बड़ा संदेश तीसरी राजनीतिक ताकतों का उभार है। हनुमान बेनीवाल की रालोपा और राजकुमार रोत की भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) ने क्रमश: मारवाड़-नागौर और मेवाड़-आदिवासी क्षेत्रों में उल्लेखनीय सीटें जीतकर अपनी ताकत दिखाई है। इसके साथ ही रविंद्र सिंह भाटी और नरेश मीणा जैसे नेताओं की सक्रियता भी असंतुष्ट मतदाताओं के लिए नए विकल्पों की ओर इशारा करती है।
भले ही पंचायत चुनावों के परिणाम सीधे तौर पर विधानसभा चुनाव का जनादेश न हों, लेकिन इन्हें हल्के में लेना जोखिम भरा हो सकता है। यदि भाजपा ने अपनी खामियों को दूर नहीं किया और कांग्रेस ने आंतरिक कमजोरियों को नहीं संभाला, तो आने वाले समय में राजस्थान की राजनीति केवल दो दलीय मुकाबले तक सीमित नहीं रहेगी।

अन्य समाचार