-अरुण कुमार गुप्ता
राजनीतिक दलों को अपने मुद्दे उठाने से रोकने की मांग पर सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को अहम सवाल खड़ा किया। शीर्ष अदालत ने पूछा कि आखिर राजनीतिक पार्टियों को अपना एजेंडा उठाने से वैâसे रोका जा सकता है? न्यायपालिका के खिलाफ नेताओं और अन्य लोगों की कथित टिप्पणियों से जुड़े मामले की सुनवाई के दौरान अदालत की इस टिप्पणी ने राजनीतिक अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और न्यायपालिका की गरिमा को लेकर नई बहस छेड़ दी है। न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और न्यायमूर्ति अपरेश कुमार सिंह की पीठ दो वकीलों की ओर से दायर याचिका पर सुनवाई कर रही थी। याचिका में कुछ राजनीतिक नेताओं और अन्य लोगों के बयानों को न्यायपालिका की छवि खराब करने और न्यायिक प्रशासन में बाधा डालने वाला बताया गया है। याचिका में केंद्र सरकार, चुनाव आयोग, कांग्रेस, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा समेत कई लोगों को पक्षकार बनाया गया है। पीठ ने यह भी सवाल उठाया कि ऐसी शिकायतों को संविधान के अनुच्छेद ३२ के तहत सीधे सुप्रीम कोर्ट में लाने की जरूरत क्यों पड़ी? अदालत ने सुझाव दिया कि इस तरह के मुद्दे संसद में उठाए जा सकते हैं और जरूरत पड़ने पर कानून भी बनाया जा सकता है।
प्रदर्शन की जगह पर पहरा!
दिल्ली में विरोध-प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थानों और सार्वजनिक गतिविधियों को लेकर बहस एक बार फिर तेज हो गई है। सवाल सिर्फ इतना नहीं है कि प्रदर्शन कहां होना चाहिए, बल्कि यह भी है कि क्या लोकतंत्र में अपनी बात रखने के लिए नागरिकों को केवल सरकार की ओर से तय की गई जगहों तक सीमित किया जा सकता है? विरोध-प्रदर्शन लोकतांत्रिक व्यवस्था का अहम हिस्सा है। ऐसे में प्रदर्शन की जगह, अनुमति और पाबंदियों को लेकर उठते सवाल सीधे नागरिकों के मौलिक अधिकारों से जुड़े हैं। हाल के दिनों में दिल्ली में प्रदर्शन और सार्वजनिक गतिविधियों को लेकर अदालतों में भी सवाल उठे हैं। व्यापारिक संगठनों की ओर से प्रदर्शन के कारण कारोबार और आम आवाजाही प्रभावित होने की दलील दी गई है। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और अन्य संबंधित पक्षों से जवाब मांगा है। इससे एक महत्वपूर्ण बहस सामने आई है कि सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने और विरोध के अधिकार की रक्षा करने के बीच संतुलन कैसे कायम किया जाए। विपक्ष का सवाल है कि अगर किसी नागरिक, संगठन या राजनीतिक दल को सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज उठानी है तो क्या उसे केवल निर्धारित स्थान पर ही अपनी बात रखने की अनुमति मिलनी चाहिए? क्या प्रशासनिक अनुमति की शर्तें इतनी कठोर हो सकती हैं कि विरोध का वास्तविक उद्देश्य ही कमजोर पड़ जाए?
