मुख्यपृष्ठस्तंभएसआईआर में मुसलमानों को निशाना बनाने का आरोप...‘विशेष चिंता का देश' घोषित...

एसआईआर में मुसलमानों को निशाना बनाने का आरोप…‘विशेष चिंता का देश’ घोषित करो भारत को!

अमेरिकी धार्मिक स्वतंत्रता आयोग (यूएससीआईआरएफ) ने भारत में मतदाता सूची के एसआईआर प्रक्रिया पर कड़ी आपत्ति जताते हुए आरोप लगाया है कि मुस्लिम नागरिकों को मतदाता सूची से हटाकर, उन्हें ‘विदेशी’ बताकर और कथित तौर पर अवैध रूप से देश से बाहर निकालकर निशाना बनाया जा रहा है। आयोग ने अमेरिकी विदेश विभाग से भारत को धार्मिक स्वतंत्रता के गंभीर उल्लंघन के लिए सीपीसी (कंट्री ऑफ पर्टिकुलर कंसर्न) ‘विशेष चिंता का देश’ घोषित करने की सिफारिश दोहराई है।
आयोग के आरोप और गृह मंत्री के दावे
यूएससीआईआरएफ के अध्यक्ष आसिफ महमूद और सदस्य जीन मिल्स ने कहा कि यह कार्रवाई धार्मिक अल्पसंख्यकों को निशाना बनाने की रणनीति का हिस्सा है और नागरिक अधिकारों के लिए चिंताजनक है। आयोग ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उस दावे का भी उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि पुनरीक्षण के दौरान मतदाता सूची से हटाए गए तीन करोड़ लोग कथित बांग्लादेशी घुसपैठिए थे। वहीं, विपक्षी दलों का आरोप है कि एसआईआर राज्यों में करीब १३ करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, जिससे वास्तविक भारतीय नागरिकों के मताधिकार पर असर पड़ सकता है।
सुप्रीम कोर्ट, सुविधाओं पर असर और विरोध
वर्ष २०२५ में बिहार से शुरू हुई एसआईआर प्रक्रिया अब तीसरे चरण में १९ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में चल रही है। मई में सुप्रीम कोर्ट ने प्रक्रिया की वैधता बनाए रखते हुए स्पष्ट किया था कि चुनाव आयोग किसी व्यक्ति की नागरिकता तय नहीं कर सकता। इसके बावजूद कुछ राज्यों में नाम कटने के आधार पर राशन कार्ड या पासपोर्ट नवीनीकरण से इनकार की शिकायतों ने बहस तेज कर दी है। २ अक्टूबर से देशभर में चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी जारी हैं।
भारत का पुराना रुख
भारत पहले भी यूएससीआईआरएफ के आकलनों को पक्षपातपूर्ण और राजनीति से प्रेरित बताकर खारिज करता रहा है। यूएससीआईआरएफ की सिफारिशें बाध्यकारी नहीं हैं और सीपीसी पर अंतिम निर्णय अमेरिकी विदेश विभाग करता है।

अन्य समाचार