मुख्यपृष्ठनए समाचारयूपी में सपा-कांग्रेस का सीट बंटवारा लगभग तय... दो-तीन दिनों में समझौते...

यूपी में सपा-कांग्रेस का सीट बंटवारा लगभग तय… दो-तीन दिनों में समझौते के संकेत

-राजेंद्र पाल गौतम बोले-बातचीत सकारात्मक रही, कल फिर होगी बैठक; फिलहाल सीटों की संख्या बताने से इनकार

सामना संवाददाता / नई दिल्ली
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव २०२७ को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे पर सहमति बनने के संकेत मिले हैं। सोमवार को नई दिल्ली में दोनों दलों के वरिष्ठ नेताओं की पहली औपचारिक बैठक सकारात्मक माहौल में संपन्न हुई। कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने दावा किया कि सीट बंटवारे पर समझौता लगभग अंतिम चरण में पहुंच चुका है और जल्द ही इसकी घोषणा की जाएगी।
बैठक के बाद गौतम ने कहा कि बैठक बहुत अच्छी और सकारात्मक रही। हम सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं और बहुत जल्द समझौते पर पहुंच जाएंगे। लगभग सब कुछ तय हो चुका है। हालांकि, इस समय सीटों के बंटवारे का विवरण सार्वजनिक नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि दोनों दलों के बीच अगली बैठक मंगलवार, २४ नवंबर को होगी। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर हुई बैठक में समाजवादी पार्टी की ओर से रामगोपाल यादव, इकरा हसन, राजीव राय और प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल शामिल हुए। कांग्रेस की ओर से राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा और इमरान मसूद सहित वरिष्ठ नेताओं ने बातचीत में हिस्सा लिया। उत्तर प्रदेश की ४०३ विधानसभा सीटों पर होने वाले चुनाव से पहले दोनों दलों के बीच सीटों का बंटवारा महत्वपूर्ण राजनीतिक मुद्दा बना हुआ है।

अन्य समाचार