-फडणवीस के मंत्री का शर्मनाक कबूलनामा
सुनील ओसवाल / मुंबई
`मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहीण योजना’ के कारण राज्य की तिजोरी पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है। इसकी स्वीकारोक्ति किसी विपक्षी नेता ने नहीं, बल्कि खुद राज्य के मंत्री नरहरि झिरवाल ने की है। मंत्री के इस बयान से मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली महायुति सरकार की आर्थिक नीतियों और वित्तीय नियोजन पर सवाल खड़े हो गए हैं। एक ओर सरकार पर योजना का आर्थिक बोझ बढ़ रहा है, तो दूसरी ओर राजनीतिक मजबूरियों के चलते इससे पीछे हटना भी संभव नहीं है। झिरवाल की इस बेबाक टिप्पणी ने सरकार की मुश्किलें उजागर कर दी हैं।
नांदेड़ जिले के लोहा में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम में बोलते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन मंत्री नरहरि झिरवाल ने स्वीकार किया कि `लाडकी बहीण योजना’ से राज्य की आर्थिक स्थिति पर दबाव बढ़ा है। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले किसी ने नहीं बताया था कि ऐसी योजना शुरू करनी है, लेकिन महायुति सरकार ने यह योजना शुरू कर दी। अब लाभार्थी महिलाओं की संख्या इतनी बढ़ गई है कि सरकार उनसे दूर नहीं जा सकती। इस योजना को लेकर सरकार की स्थिति `न निगलते बन रही है, न उगलते’ जैसी हो गई है। झिरवाल ने यह भी कहा कि राज्य में सूखे का संकट गहराने पर आर्थिक चुनौतियां और बढ़ सकती हैं। यदि पानी की स्थिति गंभीर हुई तो विमान या रेलवे के माध्यम से पानी पहुंचाने जैसे महंगे उपाय करने पड़ सकते हैं। इसके लिए बड़े पैमाने पर धनराशि की आवश्यकता होगी। हालांकि, उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूखे से निपटने के लिए सरकार धन की कमी नहीं होने देगी और हर संभव रास्ता निकालेगी।
