मुख्यपृष्ठटॉप समाचारमहायुति राज में मनपा की तिजोरी पर डाका?.. मुंबई मनपा की जमा...

महायुति राज में मनपा की तिजोरी पर डाका?.. मुंबई मनपा की जमा पूंजी में `११ हजार करोड़ की गिरावट!

-मुंबईकरों की मेहनत की कमाई आखिर कहां गई?
सामना संवाददाता / मुंबई
देश की सबसे अमीर मनपा कही जाने वाली मुंबई महानगरपालिका की आर्थिक स्थिति अब चिंता का विषय बन गई है। पिछले पांच वर्षों में महानगरपालिका की सावधि जमा (एफडी) में ११,८१७ करोड़ रुपए की भारी गिरावट आने का आरोप लगा है। जब से प्रशासन और महायुति सत्ता में आई है, तब से मनपा की तिजोरी को लगातार खाली किया जा रहा है। लगातार मनपा की एफडी घट रही है। कांग्रेस ने इस मामले में सत्ताधारी भाजपा और महानगरपालिका प्रशासन को कटघरे में खड़ा करते हुए पूछा है कि आखिर मुंबईकरों की मेहनत की कमाई कौन खा रहा है, कहां खर्च की गई? जनता के पैसे का हिसाब देने से प्रशासन क्यों बच रहा है?
मुंबई महानगरपालिका में कांग्रेस के गुटनेता अशरफ आजमी ने बताया कि वर्ष २०२१ में महानगरपालिका की सावधि जमा ९१,६९० करोड़ रुपए थी, जो अक्टूबर २०२६ तक घटकर केवल ७९,८७३ करोड़ रुपए रह गई। यानी पांच वर्षों में ११,८१७ करोड़ रुपए की कमी दर्ज की गई। यह आंकड़ा महज आर्थिक बदलाव नहीं, बल्कि महानगरपालिका के वित्तीय प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े करता है। आजमी ने मनपा आयुक्त अश्विनी भिड़े को पत्र लिखकर इस पूरे मामले में श्वेतपत्र जारी करने की मांग की है। उन्होंने सवाल उठाया है कि इतनी बड़ी रकम किन परियोजनाओं पर, किसकी मंजूरी से और किस उद्देश्य से खर्च की गई? खर्च का पूरा ब्योरा मुंबईकरों के सामने रखा जाना चाहिए।
एफडी टूट रही हैं, नागरिक सुविधाओं का भविष्य खतरे में
विपक्ष का आरोप है कि बड़ी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के नाम पर मनपा की जमा पूंजी का इस्तेमाल किया जा रहा है। यदि इसी तरह एफडी टूटती रही तो भविष्य में विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं के लिए धन कहां से आएगा? उन्होंने सवाल उठाया कि भाजपा की सत्ता और प्रशासनिक जवाबदेही है कि जनता के पैसे को लुटाने के बजाय जनहित में खर्च किया जाए।
एफडी के ब्याज के ३५ हजार करोड़ का हिसाब कहां?
कांग्रेस नेता अशरफ आजमी के अनुसार, मनपा की जमा एफडी से मिलनेवाले ब्याज की रकम का भी पिछले पांच वर्षों से कोई हिसाब नहीं मिला। पिछले पांच सालों में इस एफडी से कम से कम २५ से ३५ हजार करोड़ रुपए मनपा खजाने में जमा होना चाहिए था। इस प्रकार कुल लगभग ४० से ४५ हजार करोड़ रुपए का हिसाब नहीं मिल रहा है। यह जानकारी जनता से छिपाई जा रही है।
खजाने का हिसाब देने से क्यों कतरा रही सरकार?
मुंबईकरों से कर वसूलने वाली महानगरपालिका के खजाने का हिसाब सार्वजनिक होना चाहिए। महायुति सरकार और भाजपा को बताना होगा कि ११,८१७ करोड़ रुपए की कमी के पीछे वास्तविक कारण क्या हैं। मुंबई की तिजोरी कोई निजी संपत्ति नहीं, जनता की अमानत है।

अन्य समाचार