-मीरा–भायंदर मनपा की विधि अधिकारी समेत चार को नोटिस
सुरेश गोलानी / मुंबई
मीरा-भायंदर महानगरपालिका में नियमों को ताक पर रखकर भाजपा विधायक नरेंद्र मेहता से संबंधित कंपनी को निर्माण की अनुमति देने का बड़ा घोटाला सामने आया है। भायंदर के मौजे नवघर स्थित जिस जमीन पर २०२४ से अदालत का स्थगनादेश (स्टे) लागू है, वहां मनपा के नगररचना विभाग ने कथित तौर पर मिलीभगत कर निर्माण की अनुमति जारी कर दी। इस गंभीर अनियमितता पर शिंदे गुट के मंत्री प्रताप सरनाईक ने कड़ा रुख अपनाते हुए दो महीने पहले मनपा आयुक्त राधाबिनोद शर्मा को जांच और सरकारी वकील से कानूनी राय लेने के निर्देश दिए थे। सोमवार को नगररचना विभाग की बैठक में सरनाईक ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि यह विवादित जमीन विधायक मेहता के बेटे के नाम पर दर्ज है और इसकी निर्माण अनुमति उनकी ‘सेवन इलेवन’ कंपनी को दी गई है।
जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि मनपा के विधि विभाग की राय के आधार पर ही नगररचना विभाग ने यह अनुमति दी थी। हालांकि, पैनल के वकीलों ने अपनी कानूनी राय में स्पष्ट किया है कि अदालत का स्थगनादेश होने के बावजूद निर्माण की अनुमति देना पूरी तरह अवैध है। आयुक्त और प्रशासन को गुमराह कर हासिल की गई इस अनुमति पर अब मनपा आयुक्त राधाबिनोद शर्मा ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। आयुक्त ने विधि अधिकारी, डेवलपर, आर्किटेक्ट और कनिष्ठ अभियंता समेत चार लोगों को ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी किया है। वहीं, मंत्री सरनाईक ने दोषी आर्किटेक्ट और कनिष्ठ अभियंता को तत्काल निलंबित करने तथा प्रशासन को गुमराह करने वाले डेवलपर और आर्किटेक्ट के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की है।
आयुक्त और प्रशासन को गुमराह कर हासिल की गई इस अनुमति पर अब मनपा आयुक्त राधाबिनोद शर्मा ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।
