-२५ हाइब्रिड बसें २० महीने से डिपो में खड़ा
-५४ मार्ग बंद और ९२ मार्गों की कटौती
संदीप पांडेय / मुंबई
मुंबई की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की रीढ़ मानी जाने वाली बेस्ट बस सेवा लगातार सिकुड़ती जा रही है। शहर की आबादी और परिवहन जरूरतों के हिसाब से करीब १३ हजार बसों की आवश्यकता है, लेकिन बेस्ट के बेड़े में फिलहाल सिर्फ २,८७७ बसें हैं। इनमें भी महज २४९ बसें बेस्ट के अपने स्वामित्व की हैं, जबकि शेष २,६२८ बसें निजी ठेकेदारों के जरिए वेट लीज पर चलाई जा रही हैं। बसों की भारी कमी के बीच २५ महंगी हाइब्रिड बसें पिछले २० महीनों से डिपो में खड़ी धूल फांक रही हैं। यह स्थिति बेस्ट के बस नियोजन और खरीद व्यवस्था की गंभीर खामियों को उजागर करती है।
केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय के प्रति एक लाख आबादी पर ६० बसों के मानक के आधार पर मुंबई के लिए १३ हजार बसों की जरूरत का आकलन किया गया है। इसके बावजूद बेस्ट का लक्ष्य अगले चार वर्षों में बेड़े को १० हजार तक पहुंचाने का है। यानी प्रस्तावित विस्तार के बाद भी अनुमानित जरूरत से तीन हजार बसें कम रहेंगी। सबसे गंभीर स्थिति २५ डीजल-इलेक्ट्रिक हाइब्रिड एसी बसों की है। वर्ष २०१८ में बीकेसी में सेवा के लिए शुरू की गई इन बसों में तकनीकी खराबी और कलपुर्जों की अनुपलब्धता के कारण वे लंबे समय से सड़कों से बाहर हैं। प्रत्येक बस की लागत करीब १.७ करोड़ रुपए बताई गई थी। इन बसों के बीमा पर हर साल करीब २० लाख रुपए खर्च हो रहे हैं, जबकि इनसे जुड़ी लगभग ३७ करोड़ रुपए की वायबिलिटी गैप फंडिंग भी लंबित है।
करीब २,८०० बसों के बेड़े में लगभग १० प्रतिशत बसें मरम्मत के कारण सड़कों से बाहर बताई गई हैं। दूसरी ओर, पिछले छह वर्षों में बेस्ट ने ५४ बस मार्ग बंद किए और ९२ मार्गों को छोटा या सीमित किया है। वर्ष २०१०-११ में बेस्ट के नेटवर्क पर करीब ५०४ मार्ग थे, जो अब घटकर लगभग ४०५ रह गए हैं। वहीं इलेक्ट्रिक बसों की आपूर्ति का मोर्चा भी कमजोर है। ओलेक्ट्रा समूह के साथ ४,५०० इलेक्ट्रिक बसों का अनुबंध किया गया था, लेकिन जानकारी के अनुसार करीब ८०० बसें ही मिली हैं और ३,८०० की आपूर्ति बाकी है। कंपनी ने पहले चरण की बसों के लिए दरों में संशोधन की मांग की है।
