-स्वच्छता रेस में हार के बावजूद ठेकेदारों के आगे नतमस्तक मनपा
सुरेश गोलानी / मुंबई
स्वच्छ सर्वेक्षण में मिली करारी हार के बावजूद मीरा-भायंदर महानगरपालिका प्रशासन ने कोई सबक नहीं लिया है। उत्तन इलाके के अंतर्गत आने वाले समुद्र किनारों और तटीय गांवों की साफ-सफाई को लेकर मनपा की गंभीर उदासीनता सामने आई है। लगभग ६ किलोमीटर क्षेत्र में उत्तन, डोंगरी, तारोड़ी, चौक और पाली जैसे गांवों को प्रकृति के वरदान स्वरूप ४ किलोमीटर लंबा समुद्र किनारा मिला है, लेकिन प्रशासनिक लापरवाही के कारण यह तटीय इलाका बदहाली का शिकार हो रहा है। इस क्षेत्र की नगरसेविका फ्रिडा बर्नड डिमेलो ने मनपा आयुक्त और स्वास्थ्य विभाग के उपायुक्त को पत्र लिखकर क्षेत्र के लिए स्वतंत्र जेसीबी, पोकलेन और डंपर की स्थायी व्यवस्था करने के अलावा पर्याप्त सफाई कर्मचारी नियुक्त करने और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा क्षेत्र का प्रत्यक्ष निरीक्षण कर तत्काल ठोस कार्रवाई करने की मांग की है। आरोप है कि मनपा द्वारा ठेकेदार को समय पर बिलों का भुगतान किए जाने के बावजूद कचरा उठाने के लिए समय पर वाहन उपलब्ध नहीं कराए जाते। सफाई के बाद जमा कचरा कई दिनों तक वहीं पड़ा रहता है और समुद्र में ज्वार-भाटा (हाई टाइड) आने पर वापस पूरे किनारे पर फैल जाता है। इसके अलावा, इलाके के बड़े क्षेत्रफल के अनुपात में सफाई कर्मचारियों की संख्या भी अपर्याप्त है। मानसून और बड़े ज्वार-भाटा के दौरान गटरों व नालों के जाम होने से क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है, जिससे नागरिकों के स्वास्थ्य पर संकट मंडरा रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि स्वच्छ सर्वेक्षण में पिछड़ने के बाद भी मनपा प्रशासन अपनी कार्यप्रणाली सुधारने और इन घटनाओं से सबक लेने को तैयार नहीं दिख रहा है।
