मुख्यपृष्ठस्तंभविशेष : सहयोगियों को ६० सीटों की खैरात!..भाजपा के लिए यूपी में...

विशेष : सहयोगियों को ६० सीटों की खैरात!..भाजपा के लिए यूपी में सत्ता आसान नहीं

-तारिक अनवर

उत्तर प्रदेश की सियासत में चुनाव अभी दूर हो सकते हैं, लेकिन सत्ता के गलियारों में सीटों का गणित अभी से बेचैनी पैदा करने लगा है। खबर है कि भाजपा अपने सहयोगी दलों को महज ६० सीटें देने की तैयारी में है। यह संख्या २०२२ के मुकाबले १९ कम है, जबकि इस बार उसके साथ सहयोगियों की संख्या बढ़ी है। सवाल यह है कि जब कुनबा बढ़ रहा है तो हिस्सेदारी घटाने की यह कैसी सियासी दरियादिली है। जाहिर है, असली हंगामा अभी शुरू होना बाकी है।
भाजपा शायद भूल रही है कि गठबंधन केवल चुनावी पोस्टर पर नेताओं की तस्वीरें लगाने का नाम नहीं होता। गठबंधन का मतलब साझेदारी, सम्मान और एक-दूसरे की राजनीतिक ताकत को स्वीकार करना भी होता है। जयंत चौधरी की राष्ट्रीय लोकदल और ओमप्रकाश राजभर की सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी २०२२ में सपा गठबंधन के साथ चुनाव लड़ी थीं। उस समय दोनों को ६० से ज्यादा सीटों पर लड़ने का अवसर मिला था। आज वही दल भाजपा के साथ हैं तो क्या उनकी राजनीतिक ताकत अचानक कम हो गई?
सबसे बड़ी मुश्किल पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भाजपा के सामने खड़ी हो सकती है। २०२४ के लोकसभा चुनाव में पश्चिम की सियासी जमीन पर भाजपा को जिस तरह के झटके लगे, उसके बाद जयंत चौधरी की रालोद को नाराज करना आसान फैसला नहीं होगा। रालोद का आधार केवल जाट मतदाताओं तक सीमित नहीं है; गुर्जर और दूसरी पिछड़ी जातियों में भी उसकी राजनीतिक पकड़ मानी जाती है। दूसरी तरफ ओमप्रकाश राजभर की सुभासपा भी भाजपा के लिए महज एक छोटी सहयोगी पार्टी नहीं है। पूर्वांचल की लगभग दो दर्जन सीटों पर राजभर समाज और दूसरे पिछड़े वर्गों के बीच उसका प्रभाव चुनावी नतीजों को प्रभावित करेगा। भाजपा को यह समझना होगा कि चुनाव में छोटी दिखने वाली ताकतें भी बड़े-बड़े दावों की हवा निकाल देती हैं।
भाजपा की दूसरी परेशानी नेतृत्व को लेकर है। २०२४ ने यह संकेत दे दिया कि नरेंद्र मोदी का चेहरा हर चुनाव में हर समस्या का समाधान नहीं हो सकता। उत्तर प्रदेश में भाजपा को अब योगी आदित्यनाथ के चेहरे और उनके शासन के रिकॉर्ड के आधार पर जनता के सामने जाना होगा। मगर सवाल यह भी है कि क्या केवल चेहरे के सहारे सत्ता की वापसी संभव है, जब जनता के बीच स्थानीय विधायकों के खिलाफ भरपूर नाराजगी हो। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कई मौजूदा विधायकों के प्रति असंतोष की चर्चा है। ऐसे में अगर भाजपा ने पुराने चेहरों पर ही दांव लगाया, तो टिकट बदलने की मांग और बगावत, दोनों का सामना करना पड़ सकता है।
महिलाओं और दलित मतदाताओं के बीच घटते भरोसे की चुनौती भी उसके सामने है। इन वर्गों का समर्थन किसी भी चुनाव में निर्णायक साबित होता है। पूर्वांचल का अनुभव भाजपा को सावधान कर रहा होगा; २०२४ में जिन इलाकों को पार्टी अपनी सुरक्षित जमीन मानती थी, वहां भी मतदाताओं ने चौंकाने वाले फैसले दिए। इसलिए इस बार केवल ध्रुवीकरण के भरोसे बैठना भी जोखिम भरा होगा।
दरअसल, भाजपा के सामने लड़ाई केवल विपक्ष से नहीं, अपने अहंकार और सहयोगियों के साथ व्यवहार से भी है। राजनीति में ताकत का असली प्रमाण दूसरों को दबाना नहीं, बल्कि उन्हें साथ लेकर चलना होता है। सहयोगियों को सीटों की खैरात बांटकर अगर भाजपा अपनी बादशाहत कायम रखना चाहती है, तो उसे याद रखना चाहिए कि चुनाव में जनता दरबार लगाती है और फैसला भी वही सुनाती है। अहंकार वह सुन्न करनेवाली दवा है, जो मूर्खता के दर्द को कम कर देती है। भाजपा २०२४ में इसका स्वाद चख चुकी है। अब देखना यह है कि २०२७ में वह सबक याद रखती है या फिर वही गलती दोहराकर अपने ही सहयोगियों से सियासी संकट मोल लेती है, बहुत कठिन है डगर पनघट की।

अन्य समाचार