-अरुण कुमार गुप्ता
देश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर सियासी घमासान तेज है। विपक्ष ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि लोकतंत्र में वोट की चोरी और मतदाता सूची में गड़बड़ी के गंभीर आरोपों की निष्पक्ष जांच करने के बजाय आयोग आम मतदाताओं को ही दस्तावेजों और सत्यापन की प्रक्रिया में उलझा रहा है। विपक्ष का सवाल है कि जब मतदाता सूची में गड़बड़ी की शिकायतें सामने आ रही हैं तो उन गड़बड़ियों के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई कब होगी? विपक्षी दलों का कहना है कि मतदाता सूची को दुरुस्त करना जरूरी है, लेकिन इसके नाम पर किसी भी पात्र नागरिक का मताधिकार खतरे में नहीं पड़ना चाहिए। एसआईआर की प्रक्रिया में दस्तावेजों की मांग, नामों के सत्यापन और संभावित विलोपन को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। विपक्ष का आरोप है कि गरीबों, मजदूरों, प्रवासी कामगारों और उन नागरिकों को सबसे ज्यादा परेशानी हो सकती है, जिनके पास निर्धारित दस्तावेज आसानी से उपलब्ध नहीं हैं। विपक्ष ने चुनाव आयोग से पूछा है कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने के स्पष्ट मानक क्या हैं? किसी नागरिक का नाम हटाने से पहले उसे पर्याप्त सूचना और सुनवाई का अवसर वैâसे दिया जाएगा? गलत तरीके से नाम हटने पर उसकी जिम्मेदारी किसकी होगी? आयोग को इन सवालों का सार्वजनिक और स्पष्ट जवाब देना चाहिए।
वोटर जिंदा, रिकॉर्ड में मृत!
दिल्ली में एसआईआर की प्रक्रिया के बीच मतदाता सूची की पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर राजनीतिक टकराव तेज हो गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि मुस्तफाबाद विधानसभा क्षेत्र के नेहरू विहार वार्ड में फॉर्म-७ का कथित दुरुपयोग कर ७५ जीवित मतदाताओं को मृत घोषित करने के लिए आवेदन दिए गए। कांग्रेस का दावा है कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर जांच की तो इनमें से ६५ मतदाता जीवित पाए गए। कांग्रेस ने राजीव भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में १६ प्रभावित मतदाताओं को भी पेश किया। इन लोगों ने अपने मतदाता पहचान पत्र दिखाकर खुद के जीवित होने की बात कही। देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़े बूथ लेवल एजेंटों ने फॉर्म-७ के जरिए जीवित मतदाताओं के नाम कटवाने की कोशिश की। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर बिना उचित सत्यापन के किसी जीवित नागरिक को मृत कैसे घोषित किया जा सकता है? कांग्रेस ने चुनाव आयोग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, प्रभावित मतदाताओं को सुनवाई का अवसर देने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पार्टी का सवाल है कि यदि एक विधानसभा क्षेत्र के एक वार्ड में ऐसे मामले सामने आ रहे हैं, तो दिल्ली के दूसरे इलाकों में मतदाता सूची की जांच कितनी भरोसेमंद है?
