सामना संवाददाता / मुंबई
गोवा में हाल ही में संपन्न हुई 41वीं महाराष्ट्र राज्य शूटिंग चैंपियनशिप में विलेपार्ले स्थित प्रबोधनकार ठाकरे शूटिंग रेंज के निशानेबाज प्रवीण सालुंखे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा के मास्टर्स आयु वर्ग में यह स्वर्णिम सफलता हासिल की।
प्रवीण सालुंखे प्रबोधनकार ठाकरे शूटिंग रेंज में नियमित रूप से अभ्यास और प्रशिक्षण लेते हैं। विशेष बात यह है कि उन्होंने लगातार दूसरे वर्ष यह उपलब्धि हासिल की है। वर्ष 2025 में भी उन्होंने राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता था। इसके बाद 2026 में अपने प्रदर्शन में और सुधार करते हुए उन्होंने एक बार फिर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। उनकी इस सफलता से उनके निरंतर अभ्यास और उत्कृष्ट प्रदर्शन का एक बार फिर परिचय मिला है।
इस उल्लेखनीय सफलता पर प्रबोधनकार ठाकरे क्रीड़ा संकुल के अध्यक्ष अरविंद प्रभू और सचिव डॉ. मोहन राणे ने प्रवीण सालुंखे का विशेष अभिनंदन किया। इस सफलता में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन देने वाले शूटिंग रेंज के प्रशिक्षक स्नेहल कदम और प्रथमेश नागप का भी अभिनंदन किया गया। प्रवीण सालुंखे की इस स्वर्णिम सफलता से प्रबोधनकार ठाकरे क्रीड़ा संकुल के सम्मान में एक और उपलब्धि जुड़ गई है।
