मुख्यपृष्ठनए समाचारबिहार के सभी 37 जिलों में 29 नवंबर को आयोजित होगा ‘संडे ऑन...

बिहार के सभी 37 जिलों में 29 नवंबर को आयोजित होगा ‘संडे ऑन साइकिल’ का 100वां संस्करण

अनिल मिश्र / पटना

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार, फिट इंडिया मूवमेंट, भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) और भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के संयुक्त तत्वावधान में 29 नवंबर को पूरे देशभर में ‘संडे ऑन साइकिल’ के 100वें संस्करण का आयोजन किया जाएगा। इस ऐतिहासिक आयोजन का नेतृत्व केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया करेंगे। इस अवसर पर पेरिस ओलंपिक के विजेता, अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित खिलाड़ी, खेल जगत की प्रमुख हस्तियां और हजारों फिटनेस प्रेमी देशभर में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। भारतीय ओलंपिक आंदोलन के सम्मान में देश के सभी जिलों में एक साथ साइकिलिंग अभियान आयोजित किया जाएगा।‘संडे ऑन साइकिल’ का 100वां संस्करण ओलंपिक के तीन मूलभूत मूल्यों—उत्कृष्टता (Excellence), सम्मान (Respect) और मित्रता (Friendship)—को समर्पित होगा। इस वर्ष आयोजन की थीम ‘भारत के ओलंपिक सपने की ओर बढ़ते कदम’ (Pedalling Towards India’s Olympic Dream) रखी गई है। इस आयोजन का उद्देश्य खेलों में उत्कृष्टता के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करना, स्वस्थ एवं फिट भारत के निर्माण को प्रोत्साहित करना तथा भविष्य में ओलंपिक खेलों की मेजबानी के देश के संकल्प को सशक्त बनाना है।‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ की शुरुआत दिसंबर 2024 में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया के मार्गदर्शन में की गई थी। यह पहल अब एक साप्ताहिक जनभागीदारी कार्यक्रम का रूप ले चुकी है। इसके माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के संदेश ‘फिटनेस का डोज, आधा घंटा रोज’ और मोटापे के खिलाफ अभियान को जन-आंदोलन बनाने का प्रयास किया जा रहा है। यह पहल फिटनेस के साथ-साथ पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली को भी प्रोत्साहित करती है। इसके माध्यम से शहरों, कस्बों और गांवों के लोगों को सामूहिक रूप से साइकिल चलाने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।‘संडे ऑन साइकिल’ का 100वां संस्करण इस अभियान की यात्रा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, जो सभी आयु वर्ग के नागरिकों को स्वास्थ्य, फिटनेस और भारत के ओलंपिक सपने के प्रति एकजुट करेगा। इसके माध्यम से खेलों के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने और साइकिलिंग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश भी दिया जाएगा।बिहार में इस अवसर पर सभी 37 जिलों में 29 नवंबर को सुबह 6 बजे से कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रतिभागियों से अनुरोध किया गया है कि वे सुबह 5:30 बजे तक अपने-अपने कार्यक्रम स्थलों पर पहुंचें। पटना में ‘संडे ऑन साइकिल’ के 100वें संस्करण का आयोजन जेपी गंगा सेतु, गंगा पथ, दीघा घाट से किया जाएगा। कार्यक्रमों के दौरान साइकिल रैली, फिटनेस गतिविधियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त खेल जगत की प्रमुख हस्तियों और फिटनेस प्रेमियों के साथ संवाद भी होगा।‘संडे ऑन साइकिल’ का 100वां संस्करण नागरिकों को फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और खेल संस्कृति से जोड़ने के साथ-साथ भारत के ओलंपिक सपने के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता को मजबूत करने का अवसर होगा।

अन्य समाचार