राजेश सरकार / प्रयागराज
जिले के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। हादसे में बीए तृतीय वर्ष की परीक्षा देने जा रहे 18 वर्षीय छात्र की तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर करीब चार घंटे तक एयरपोर्ट रोड जाम रखा, जिससे यातायात पूरी तरह चरमरा गया। गांजा गांव निवासी मानसिंह के 18 वर्षीय पुत्र नितेश सिंह शनिवार सुबह करीब 7 बजे अपनी बाइक से बीए थर्ड ईयर की परीक्षा देने घर से निकले थे। परिजनों के अनुसार, जब नितेश गांजा-कटहुला मार्ग पर ससुर खदेरी नदी के पास से गुजर रहे थे, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि नितेश सड़क पर गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों का गंभीर आरोप है कि हादसे के बाद चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय भागने की कोशिश में सड़क पर गिरे नितेश के ऊपर पिकअप का पहिया चढ़ा दिया। इस निर्मम घटना में छात्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया और आरोपी चालक वाहन समेत फरार हो गया।
हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए। गुस्साए लोगों ने न्याय की मांग करते हुए एयरपोर्ट रोड पर चक्का जाम कर दिया। करीब चार घंटे तक चले इस प्रदर्शन के दौरान मौके पर पहुंची पुलिस टीम से ग्रामीणों की तीखी नोकझोंक भी हुई।
* अधिकारियों के आश्वासन पर शांत हुआ मामला
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसीपी कोतवाली निकिता श्रीवास्तव भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से संवाद किया और भरोसा दिलाया कि फरार आरोपी चालक की तलाश के लिए टीमें लगा दी गई हैं और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। प्रशासन के ठोस आश्वासन के बाद शाम करीब पांच बजे परिजनों का गुस्सा शांत हुआ और जाम समाप्त कराया जा सका।
