सामना संवाददाता / मुंबई
धारावी पुनर्विकास परियोजना के नाम पर चल रही सरकार और अडानी समूह की मनमानी के खिलाफ स्थानीय निवासियों ने बिगुल फूंक दिया है। स्थानीय लोगों और लघु उद्यमियों पर विकास के नाम पर हो रहे अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने के लिए आज शनिवार को एक सर्वदलीय धड़क मोर्चे का आयोजन किया गया है। शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में `धारावी बचाओ आंदोलन’ के तहत यह मोर्चा सुबह ११ बजे धारावी के मुकुंद नगर स्थित त्रिकोणी गार्डन से निकलकर `धारावी एक्सपीरियंस सेंटर’ पर धावा बोलेगा। इस आंदोलन में सभी राजनीतिक दल, सामाजिक संगठन और स्थानीय निवासी हजारों की संख्या में एकजुट होंगे।
विकास का सपना दिखाकर धारावी के आम भूमिपुत्रों को बेघर करने की कोशिश अडानी समूह के जरिए की जा रही है। करीब ५५० एकड़ में फैले धारावी के विस्थापित होने वाले नागरिकों के लिए राज्य सरकार और मुंबई महानगरपालिका ने मुंबई के आसपास लगभग १,२०० एकड़ जमीन अडानी समूह की झोली में डाल दी है। धारावी के लोगों ने इस बात पर गहरा गुस्सा जाहिर किया है कि इसके जरिए उन्हें उनके मूल स्थान से हटाकर मुंबई के डंपिंग ग्राउंड जैसी सेहत के लिए हानिकारक जगहों पर विस्थापित करने की साजिश रची जा रही है। साथ ही धारावी की गरीब जनता, लघु उद्यमियों और पारंपरिक उद्योग-धंधों के पुनर्वास को लेकर परियोजना की तरफ से अब तक कोई स्पष्टता नहीं दी गई है। इस बीच, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के इस एलान से कि धारावी एक बिजनेस डेवलपमेंट हब बनेगा। स्थानीय लोगों में यह चिंता गहरा गई है कि यहां के मूल निवासियों और छोटे उद्यमियों को हटाकर इस बेशकीमती जगह को उद्योगपतियों के हवाले करने की कोशिशें शुरू हो गई हैं।
