मुख्यपृष्ठटॉप समाचार‘संसद रहेगी, लोकतंत्र नहीं!’..१३१वें संविधान संशोधन विधेयक पर कपिल सिब्बल की गंभीर...

‘संसद रहेगी, लोकतंत्र नहीं!’..१३१वें संविधान संशोधन विधेयक पर कपिल सिब्बल की गंभीर चेतावनी

-बोले, `३० नवंबर को लोकतंत्र का आखिरी दिन बना देगी मोदी सरकार’
– संसद को महज नाम की संस्था बनाने और देश को तानाशाही की ओर धकेलने का आरोप
– २०१४ से ही संवैधानिक ढांचे को कमजोर करने की कोशिशों का लगाया आरोप
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
प्रस्तावित १३१वें संविधान संशोधन विधेयक को लेकर देश की सियासत गरमा गई है। राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने शुक्रवार को केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि परिसीमन, दलबदल और संसदीय ढांचे में बदलाव के जरिए देश के संवैधानिक लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ३० नवंबर को प्रस्तावित विधेयक पारित हो जाता है तो यह भारतीय लोकतंत्र के लिए बेहद खतरनाक मोड़ साबित होगा। सिब्बल ने यहां तक कहा कि इससे देश में जो लोकतंत्र बचा है, उसके अंत का रास्ता खुल सकता है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिब्बल ने आरोप लगाया कि भाजपा की रणनीति केवल लोकसभा की सीटें बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके जरिए देश की राजनीतिक व्यवस्था और सत्ता संतुलन को बदलने की तैयारी है। उन्होंने प्रस्तावित लोकसभा विस्तार पर सवाल उठाते हुए कहा कि सीटों की संख्या ८४० तक पहुंचाने की चर्चा है। ऐसे में सदन का स्वरूप और कामकाज किस तरह प्रभावित होगा, यह गंभीर सवाल है।
परिसीमन के बहाने राजनीतिक नक्शा बदलने का आरोप
सिब्बल ने तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ने पर तमिलनाडु की सीटें ३९ से बढ़कर ५९ और उत्तर प्रदेश की ८० से बढ़कर १२० हो सकती हैं। उन्होंने आशंका जताई कि परिसीमन के दौरान निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं इस तरह तय की जा सकती हैं, जिससे विपक्षी दलों को नुकसान और सत्तारूढ़ दल को चुनावी फायदा मिले। उनका आरोप था कि उत्तर प्रदेश में निर्वाचन क्षेत्रों की नए सिरे से बनावट के जरिए विपक्ष के बहुमत हासिल करने की संभावनाओं को प्रभावित किया जा सकता है।
दलबदल के जरिए बहुमत जुटाने पर सवाल
सिब्बल ने आरोप लगाया कि भाजपा विपक्षी दलों में सेंध लगाकर संविधान संशोधन के लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत जुटाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के २० और शिवसेना के छह सांसदों की सदस्यता तथा लंबित अयोग्यता कार्यवाही का मुद्दा उठाया। उनका दावा है कि इन २६ सांसदों की अयोग्यता पर फैसला लंबित रहने के बावजूद वे महत्वपूर्ण मतदान में हिस्सा ले सकते हैं। उन्होंने इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में लंबित याचिकाओं का हवाला देते हुए सुनवाई में देरी पर भी सवाल उठाए।
२०११ की जनगणना के आधार पर परिसीमन की आशंका
सिब्बल ने २०२१ की जनगणना नहीं होने का मुद्दा उठाते हुए आशंका जताई कि प्रस्तावित परिसीमन २०११ की जनगणना के आधार पर कराया जा सकता है। उन्होंने कहा कि संविधान संशोधन दो-तिहाई बहुमत से पारित होने के बाद साधारण बहुमत से अलग परिसीमन कानून लाया जा सकता है। ऐसे में परिसीमन की प्रक्रिया और निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्गठन को लेकर पारदर्शिता बेहद जरूरी है।
संसद को रबर स्टैंप बनाने की तैयारी?
सिब्बल ने आरोप लगाया कि सरकार संसद को दरकिनार कर कार्यपालिका के हाथों में सत्ता केंद्रित कर रही है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि ३० नवंबर को पेश किए जाने वाले विधेयक की वास्तविक सामग्री की सांसदों को ही पूरी जानकारी नहीं है। क्षेत्रीय दलों को आगाह करते हुए उन्होंने कहा कि राजनीतिक लाभ के लिए सरकार का साथ देने वाले दलों को भी भविष्य में हाशिए पर धकेला जा सकता है। सिब्बल ने आशंका जताई कि बढ़ी हुई लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत हासिल करना आसान हुआ तो भविष्य में संविधान में मनमाने बदलावों का रास्ता भी खुल सकता है। उन्होंने इस पूरी कवायद के पीछे हिंदू राष्ट्र की अवधारणा को आगे बढ़ाने का भी आरोप लगाया। अंत में उन्होंने राजनीतिक दलों से सत्ता के समीकरणों से ऊपर उठकर संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा करने की अपील की।

अन्य समाचार