-नियम तोड़ने पर लाइसेंस होगा रद्द
सामना संवाददाता / मुंबई
स्कूल-कॉलेजों और विश्वविद्यालयों की कैंटीन, मेस और भोजनालयों में विद्यार्थियों को अब खराब गुणवत्ता या अस्वच्छ भोजन परोसना महंगा पड़ेगा। खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने राज्य की सभी शैक्षणिक संस्थाओं में संचालित खाद्य प्रतिष्ठानों के लिए भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) का पंजीकरण या लाइसेंस अनिवार्य कर दिया है। स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी नियमों का उल्लंघन करने पर लाइसेंस निलंबित/रद्द करने तक की कार्रवाई होगी।
खाद्य सुरक्षा आयुक्त ने २८ जुलाई २०२६ को सभी स्कूलों और १० सितंबर २०२६ को विश्वविद्यालयों एवं उच्च शिक्षा विभाग के लिए अनुपालन संबंधी निर्देश जारी किए हैं। इसके दायरे में सरकारी, अनुदानित और निजी स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, आवासीय विद्यालयों तथा छात्रावासों की कैंटीन, मेस और फूड कोर्ट शामिल हैं।
नियमों के मुताबिक कैंटीन संचालकों को परिसर की सफाई, शुद्ध पेयजल, खाद्य पदार्थों का सुरक्षित भंडारण, कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता, कीट नियंत्रण और कचरा प्रबंधन जैसे मानकों का पालन करना होगा। इसके अलावा स्कूल परिसर और मुख्य प्रवेश द्वार से ५० मीटर के दायरे में अधिक चीनी, नमक, संतृप्त वसा और ट्रांस फैट वाले अस्वास्थ्यकर खाद्य पदार्थों की बिक्री, विज्ञापन और मुफ्त वितरण पर प्रतिबंध लगाया गया है। नियम तोड़ने वालों पर एक लाख रुपये तक जुर्माना लगाया जा सकता है, जबकि बिना पंजीकरण या लाइसेंस खाद्य व्यवसाय करने पर छह महीने तक की जेल और १५ लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है।
६९ प्रतिष्ठानों का कारोबार बंद
१ अप्रैल से १९ नवंबर २०२६ के बीच राज्यभर में २८८ जनजागृति कार्यशालाएं हुर्इं, जिनमें ६२,८२८ स्कूलों के ६९,६८७ शिक्षकों ने भाग लिया। इस दौरान ४२२ स्कूलों का निरीक्षण किया गया। स्कूलों के ५० मीटर के दायरे में नियम तोड़ने वाले १३८ प्रतिष्ठानों में से ६९ का कारोबार बंद कराया गया, जबकि १९ के लाइसेंस निलंबित किए गए। अन्य उल्लंघनों में भी २१ प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई हुई।
एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे ने कहा कि विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना जिम्मेदारी है। नियमों की अनदेखी पर सख्त कार्रवाई होगी।
