मुख्यपृष्ठस्तंभदिल्ली लाइव : वोट चोरी के आरोपों से घिरी बीजेपी!

दिल्ली लाइव : वोट चोरी के आरोपों से घिरी बीजेपी!

-अरुण कुमार गुप्ता

वोट चोरी के आरोपों को लेकर बीजेपी और चुनाव आयोग पर कांग्रेस ने एक बार फिर हमला बोला है। दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर उठे विवाद ने राजनीतिक तकरार बढ़ा दी है। संविधान दिवस के मौके पर २६ नवंबर को दिल्ली कांग्रेस ने वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान के तहत संविधान रक्षा मार्च निकालकर आरोप लगाया कि एसआईआर के नाम पर लाखों वास्तविक मतदाताओं के नाम सूची से गायब हो गए हैं। कांग्रेस ने इसे महज प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि नागरिकों के मतदान के संवैधानिक अधिकार से जुड़ा गंभीर सवाल बताया। कांग्रेस ने किरायेदारों, प्रवासी मजदूरों और झुग्गी-बस्तियों में रहने वाले लोगों को लेकर भी चिंता जताई है। पार्टी का आरोप है कि दस्तावेजों की जटिल शर्तों के कारण ऐसे लोगों के नाम मतदाता सूची से बाहर होने का खतरा बढ़ सकता है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के १३ हजार से अधिक मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए अभियान चलाने की बात कही है। कांग्रेस ने मांग की है कि मतदाता सूची से हटाए गए नामों का पूरा ब्योरा सार्वजनिक किया जाए, कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच हो और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए। पार्टी का कहना है कि एक व्यक्ति, एक वोट का संवैधानिक सिद्धांत किसी भी राजनीतिक दल या सरकार से ऊपर है।
४७.५६ लाख वोटरों पर चला एसआईआर का चाबुक!
दिल्ली में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। मतदाता सूची से ४७.५६ लाख नाम हटाए जाने के मुद्दे पर कांग्रेस ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। संविधान दिवस के मौके पर २६ नवंबर को दिल्ली कांग्रेस ने संविधान रक्षा मार्च’ निकालकर मतदाताओं के अधिकारों और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता का सवाल उठाया। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि इतनी बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए जाने के बावजूद चुनाव आयोग की ओर से पर्याप्त जवाबदेही नहीं दिखाई जा रही है। उन्होंने एसआईआर की प्रक्रिया पूरी करने की ३० नवंबर की समय-सीमा बढ़ाने की मांग भी की है। गौरतलब है कि ३१ अगस्त को जारी दिल्ली की मसौदा मतदाता सूची से कुल ४७,५६,७२२ नाम हटाए गए थे। इनमें ४३,३२,७७५ मतदाताओं को अनुपस्थित या स्थायी रूप से स्थानांतरित, २,८२,४१२ को मृत और १,४१,५३५ को एक से अधिक स्थानों पर पंजीकृत बताया गया था। इस तरह दिल्ली के करीब ३३ फीसदी मतदाता मसौदा सूची से बाहर हो गए। हालांकि, ये मसौदा स्तर के आंकड़े हैं और नाम हटने का अर्थ यह नहीं है कि सभी संबंधित मतदाता अपात्र थे। कांग्रेस का सवाल है कि आखिर इतने बड़े पैमाने पर नाम हटाने से पहले पर्याप्त सत्यापन और प्रभावित मतदाताओं को सुनवाई का अवसर दिया गया था या नहीं? पार्टी ने चुनाव आयोग से मांग की है कि हटाए गए नामों का विस्तृत ब्योरा सार्वजनिक किया जाए। कितने लोग वास्तव में मृत पाए गए, कितने दूसरे स्थान पर चले गए और कितने नाम सत्यापन की कमी के कारण सूची से बाहर हुए, इसका स्पष्ट हिसाब सामने आना चाहिए।

अन्य समाचार