-विमल मिश्र, मुंबई
-चुंबक-सी छुअन, सम्मोहन-सी महक, पन्ने बदलते समय उनकी फड़फड़ाहट-किताबों का फील ही अलग होता है। मिसाल है मुंबई पुस्तक महोत्सव।
आम शिकायत है कि मुंबई में हिंदी किताबों के पाठक, खासकर उन्हें खरीदकर पढ़ने वाले पाठक नहीं हैं और न ही हैं इन किताबों को हासिल करने के लिए माकूल ठिकाने। मुंबई विश्वविद्यालय के कालीना परिसर में इन दिनों लगा छह दिवसीय मुंबई पुस्तक महोत्सव, जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को किया, इस धारणा को तोड़ने की पूरी कोशिश कर रहा है। देश के जाने-माने लोगों की मौजूदगी के बीच पुस्तक मेले में भारी भीड़ उमड़ रही है। सबसे अधिक हर्षाने वाला है युवाओं का हुजूम, जिससे इस शांत-सुरम्य परिसर में रोजाना जाम जैसी हालत पैदा हो रही है।
भारत विद्या और धार्मिक-सांस्कृतिक पुस्तकों के अग्रणी प्रकाशक मोतीलाल बनारसीदास के मोनू कुमार पुस्तक मेले में उमड़ी भीड़ को देखकर चकित थे। आर. के. पब्लिकेशन के मुखिया रामकुमार बताते हैं, ‘अभी पुस्तक मेले के तीन दिन बचे हैं। उम्मीद है कि अंतिम दिन तक मुंबई का हर पढ़ने-लिखने वाला यहां अवश्य आएगा।’
‘हमारा उद्देश्य है छात्रों, युवाओं और परिवारों में वाचन संस्कृति को बढ़ावा देना’, मुंबई पुस्तक महोत्सव के मुख्य आयोजनकर्ता प्रो. मिलिंद सुधाकर मराठे का कहना था। आयोजन से प्रमुखता से जुड़े आचार्य पवन त्रिपाठी ने जानकारी दी, ‘६०० से अधिक स्टॉल लगे हैं और यहां आए ३०० से अधिक प्रकाशकों के बीच ५० से अधिक प्रमुख हिंदी प्रकाशक भी हैं।’ आयोजन से जुड़े वरिष्ठ पत्रकार राजेश विक्रांत बताते हैं, ‘यहां आने वाले केवल खरीदार नहीं हैं, वे पुस्तक मेले के विविधरंगी कार्यक्रमों में भी भागीदारी कर रहे हैं।’ साहित्यकार जया आनंद ने बताया, ‘ई-बुक, टैबलेट, लैपटॉप और व्हॉट्सऐप के इस जमाने में किताबें लौट रही हैं, यह पुस्तक मेला इसकी मिसाल है।’ व्यंग्य विधा की अपनी मनपसंद किताबें मिलने से प्रसन्न हिंदी व्यंग्यकार समीक्षा तैलंग ने इस सफल आयोजन के लिए नेशनल बुक ट्रस्ट को बधाई दी। पत्रकार राकेश निर्मोही ने आयोजन की प्रशंसा तो की, पर इस शिकायत के साथ कि ‘भारी भीड़ की वजह से मनमाफिक किताबें ढूंढ़ने के लिए उन्हें शांत माहौल नहीं मिल पाया।’
गैर हिंदीभाषी प्रदेश में होने के बावजूद मुंबई देश के उन १० बड़े शहरों में एक है, जहां हिंदी की किताबों के सबसे ज्यादा पाठक हैं। बल्कि देखने में यह भी आया है कि मुंबई में अहिंदीभाषी, हिंदीभाषियों से ज्यादा किताबें खरीद रहे हैं।
आयोजन में आए दिल्ली के एक प्रकाशक ने बताया, ‘अंग्रेजी में बिकने वाली किताबों की तुलना में हिंदी की किताबें २० फीसदी भी नहीं बिकतीं। जो बिकती हैं, उनमें भी सबसे ज्यादा विदेशी बेस्टसेलर्स और भारतीय अंग्रेजी लेखकों के अनुवाद ही हैं।’ हिंदी प्रकाशकों की अपनी समस्याएं हैं और लेखकों की अपनी। जहां कुछ बड़े प्रकाशकों को हिंदी किताबों की अनिवार्य सरकारी खरीद ने संभाल रखा है, वहीं बढ़ती लागत और घटती पाठन रुचि ने बाकियों को उससे दूर कर दिया है। मुंबई के ज्यादातर पुस्तकालयों में हिंदी किताबों की नगण्य उपस्थिति है और नए प्रकाशन तो सिरे से गायब हैं। विडंबना देखिए, जिन्होंने पढ़ने का शौक पैदा किया, वे कई मैगजीनें आज खुद इतिहास बन गई हैं। लाइब्रेरियों की कुर्सियां सूनी रहने लगी हैं, जानी-मानी बुक चेन्स गुजारे के लिए स्टेशनरी, खिलौने और सीडी-डीवीडी की सेल के मोहताज हैं। नामचीन अखबारों की रीडरशिप ऐसे वक्त गिरने लगी है, जब साक्षरता दर लगातार बढ़ रही है।
सच्चाई यह है कि देशभर की तरह हिंदी पढ़ने के इच्छुकों की कमी नहीं। सोशल मीडिया पर उसकी बढ़ती लोकप्रियता इसकी मिसाल है। इसलिए ‘लोग पढ़ने की तरफ वापस किस तरह मुड़ें’ वाले सवाल की तरह यह सवाल भी उतना ही महत्वपूर्ण है कि उन तक सही किताबें सही तरीके और सही मूल्य पर वैâसे पहुंचाई जाएं।
क्या पढ़ते हैं मुंबईकर?
बच्चे: कैरेक्टर बेस्ड स्टोरी बुक्स और कॉमिक्स।
युवा वर्ग: मोटिवेशन और सेल्फ हेल्प बुक्स। ज्योतिष, अध्यात्म, वास्तु।
महिलाएं: नॉवेल्स, फिक्शन (खासकर लव स्टोरी), कुकरी।
प्रौढ़ और सीनियर सिटीजन: साहित्य और जीवनी।
