मुख्यपृष्ठस्तंभकांव-कांव : गर्व से कहो, हम बेईमान हैं!

कांव-कांव : गर्व से कहो, हम बेईमान हैं!

-हरिगोविंद विश्वकर्मा

दुनिया में मनुष्य को सबसे बुद्धिमान प्राणी माना जाता है। उसने चांद तक पहुंचने का रास्ता खोज लिया, समुद्र की गहराइयां नाप लीं, आसमान में उड़ने लगा और धरती के भीतर छिपे खजाने तक खोज निकाले। लेकिन उसकी एक ऐसी विशेषता भी है, जिसका मुकाबला दुनिया का कोई दूसरा जीव नहीं कर सकता। वह विशेषता है… बेईमानी!
जी हां, बेईमानी! यह मनुष्य की अपनी खोज है। प्रकृति ने किसी पशु-पक्षी को यह हुनर नहीं सिखाया। किसी गाय को आपने दूध में पानी मिलाते देखा है? किसी कुत्ते को दूसरे कुत्ते की हड्डी में कमीशन खाते पकड़ा है? कोई बंदर अपने साथी से केला छीनकर उसे ही चोर साबित करने की कोशिश करता दिखाई दिया है? नहीं न! ये सारे काम मनुष्य ने अपने विवेक और बुद्धि के बल पर विकसित किए।
जानवरों की दुनिया में भूख लगती है तो वे भोजन तलाशते हैं। प्यास लगती है तो पानी पीते हैं। खतरा महसूस होता है तो भाग जाते हैं। उनकी जरूरतें सीमित और व्यवहार सीधा-सादा। लेकिन मनुष्य की जरूरतों की कोई सीमा नहीं। उसे जितना मिल जाए, उससे ज्यादा चाहिए। इतना ही नहीं, दूसरे के हिस्से में जो है, उस पर भी उसकी नजर रहती है। वह सिर्फ अपना पेट नहीं भरता, दूसरों की थाली भी खाली करने की क्षमता रखता है।
बेईमानी का कमाल देखिए। इसमें आदमी को मेहनत भी नहीं करनी पड़ती और उपलब्धि का श्रेय भी मिल जाता है। बेईमान दूसरों की मेहनत का फल खुद खा जाता है। किसी की प्रतिभा पर अपना नाम लिखवा लेता है। उधार लेकर भूल जाता है। वादा करके मुकर जाता है। झूठ बोलकर सामने वाले को ही शर्मिंदा कर देता है। ये तमाम गुण उसी महान मानवीय प्रतिभा के अलग-अलग रूप हैं।
इसका सबसे बड़ा सौंदर्य यह कि बेईमानी का कोई निश्चित चेहरा नहीं होता है। यह कभी सफेदपोश बनकर आती है। कभी मीठी मुस्कान के पीछे छिप जाती है। कभी बड़े-बड़े सिद्धांतों का चोला पहन लेती है। कभी यह व्यापार में दिखाई देती है, तो कभी रिश्तों में। कभी दफ्तर में तो, कभी सामाजिक व्यवहार में। इसका रूप बदलता रहता है, लेकिन मूल स्वभाव वही रहता है।
और तो और, मनुष्य ने बेईमानी को इतना परिष्कृत कर लिया कि अब इसे सीधे बेईमानी कहना भी उचित नहीं समझा जाता। इसके लिए नए-नए सभ्य शब्द गढ़ लिए गए हैं। कहीं इसे व्यावसायिक कौशल कहते हैं। कहीं प्रबंधन कौशल, तो कहीं अवसर का लाभ उठाना और कहीं व्यावहारिक समझदारी।
अब सवाल यह कि जिस गुण को विकसित करने में मनुष्य ने हजारों साल लगाए, उसे छिपाने की जरूरत ही क्या? आखिर अपनी मौलिक प्रतिभा पर गर्व करने में बुराई ही क्या!
तो आइए, गर्व से कहें, हम बेईमान हैं!

अन्य समाचार