मुख्यपृष्ठस्तंभ१,८७५ पेड़ों पर विकास की कुल्हाड़ी!

१,८७५ पेड़ों पर विकास की कुल्हाड़ी!

-सड़क चौड़ीकरण के नाम पर हरियाली पर संकट
मुंबई। विकास परियोजनाओं के नाम पर महाराष्ट्र की हरियाली पर लगातार संकट बढ़ता जा रहा है। वर्ष २०२७ में होने वाले सिंहस्थ कुंभ मेले की तैयारियों के बीच अब नासिक और पालघर जिलों में सड़क चौड़ीकरण के लिए १,८७५ पेड़ों की बलि देने की तैयारी है। इसके लिए करीब ३० हेक्टेयर वनभूमि के हस्तांतरण का प्रस्ताव रखा गया है। सरकार का तर्क है कि इस परियोजना से त्र्यंबकेश्वर तक पहुंच आसान होगी और गुजरात तथा पालघर से आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी, लेकिन इस परियोजना ने विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रस्ताव के मुताबिक, दोनों जिलों में करीब २९ किलोमीटर लंबी सड़क को मौजूदा ३.७५ मीटर से बढ़ाकर ५.५० मीटर चौड़ा किया जाना है। इसके लिए पालघर जिले के जव्हार वन विभाग क्षेत्र में ३.७९ हेक्टेयर वनभूमि के हस्तांतरण के साथ ४९२ पेड़ काटने की योजना है। वहीं, नासिक वन विभाग क्षेत्र में २६.५३ हेक्टेयर वनभूमि के इस्तेमाल के लिए १,३८३ पेड़ों की कटाई प्रस्तावित है। इस तरह कुल ३०.३२ हेक्टेयर वनभूमि प्रभावित होगी।
पर्यावरणीय मंजूरी पर भी सवाल
इस परियोजना का प्रस्ताव गुरुवार को पर्यावरण विभाग की परियोजना जांच समिति के सामने रखा गया था, लेकिन वन विभाग की ओर से आवश्यक अनुपालन दस्तावेज पूरे नहीं होने के कारण इसे अगले सप्ताह तक टाल दिया गया। यानी पेड़ों की कटाई और वनभूमि हस्तांतरण को अभी अंतिम मंजूरी नहीं मिली है। परियोजना से जुड़े दस्तावेजों में दावा किया गया है कि मौजूदा सड़क के अलावा दूसरे विकल्प अपनाने पर पहाड़ियों की अधिक कटाई, अतिरिक्त निजी जमीन का अधिग्रहण और वनभूमि के ज्यादा नुकसान की आशंका है। इसलिए मौजूदा मार्ग का विस्तार ही न्यूनतम पर्यावरणीय नुकसान वाला विकल्प बताया गया है।
वनों की कटाई पर पर्यावरणविदों की चिंता
पर्यावरण संगठन वनशक्ति के पर्यावरणविद् डी. स्टालिन ने इस योजना पर चिंता जताते हुए कहा है कि महाराष्ट्र में वनक्षेत्र का नुकसान चिंताजनक गति से हो रहा है। उनके मुताबिक, सूखे और बढ़ते तापमान से जूझ रहे राज्य में जंगलों की कटाई पर्यावरणीय संकट को और गंभीर बना सकती है। गौरतलब है कि प्रस्ताव में यह भी उल्लेख किया गया है कि वर्ष १९८० से अब तक इसी क्षेत्र में विभिन्न परियोजनाओं के लिए १,२१९.६६ हेक्टेयर वनभूमि का हस्तांतरण हो चुका है। ऐसे में सवाल उठता है कि कुंभ मेले और विकास परियोजनाओं की तैयारियों के बीच पर्यावरण संरक्षण को कितनी प्राथमिकता दी जा रही है? श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सड़कें जरूरी हैं, लेकिन क्या इसके लिए इतनी बड़ी संख्या में पेड़ों की कटाई ही एकमात्र रास्ता है?

अन्य समाचार