मुख्यपृष्ठनए समाचारन्याय के दरवाजे पर ही गैरबराबरी!..`जजों की नियुक्ति में खास समुदाय को...

न्याय के दरवाजे पर ही गैरबराबरी!..`जजों की नियुक्ति में खास समुदाय को तरजीह’ पूर्व सीजेआई गवई ने राष्ट्रपति को लिखा पत्र,

-कॉलेजियम पर उठाए सवाल
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
देश में सामाजिक समानता और न्याय की गारंटी देने वाली न्यायपालिका में ही प्रतिनिधित्व को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। जजों की नियुक्ति और तबादलों में कथित तौर पर एक खास समुदाय को तरजीह दिए जाने तथा एससी, एसटी, ओबीसी, अल्पसंख्यकों और महिलाओं को पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं मिलने का मुद्दा अब राष्ट्रपति भवन तक पहुंच गया है। सुप्रीम कोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर कॉलेजियम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि हालिया नियुक्तियों में योग्यता, विविधता और समावेशिता के सिद्धांतों की अनदेखी हो रही है।
पूर्व सीजेआई ने अपने पत्र में दावा किया है कि देश की आबादी में पांच फीसदी से भी कम हिस्सेदारी रखने वाले एक समुदाय को हाल के वर्षों में सुप्रीम कोर्ट में ४० फीसदी से अधिक प्रतिनिधित्व मिला है। वहीं, समाज के वंचित और पिछड़े तबकों की हिस्सेदारी बेहद कम है। गवई ने स्पष्ट किया कि उनका विरोध किसी समुदाय के योग्य उम्मीदवारों से नहीं, बल्कि नियुक्तियों में सामाजिक संतुलन की अनदेखी से है। गवई ने अपने पत्र में केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल की ओर से मार्च २०२५ में राज्यसभा में पेश आंकड़ों का भी हवाला दिया है। इन आंकड़ों के मुताबिक, २०१८ से उच्च न्यायालयों में नियुक्त ७१५ न्यायाधीशों में केवल २२ अनुसूचित जाति, १६ अनुसूचित जनजाति, ८९ ओबीसी और ३७ अल्पसंख्यक समुदायों से थे। यानी इन चार श्रेणियों की कुल हिस्सेदारी करीब २३ फीसदी ही रही। उन्होंने जनवरी २०२१ से जनवरी २०२६ के बीच सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों की हिस्सेदारी करीब ८० फीसदी और ओबीसी की हिस्सेदारी १४ फीसदी से कम होने का भी उल्लेख किया।
कॉलेजियम भी जवाबदेही से ऊपर नहीं!
पूर्व सीजेआई ने संविधान के अनुच्छेद १२४(२) का हवाला देते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों की नियुक्ति राष्ट्रपति द्वारा की जाती है। भले ही न्यायिक परंपरा के चलते कॉलेजियम की सिफारिशें निर्णायक भूमिका निभाती हों, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि कॉलेजियम जवाबदेही से मुक्त हो गया है। उन्होंने राष्ट्रपति से इस मामले में हस्तक्षेप करने और न्यायपालिका, कार्यपालिका तथा संसद को सामाजिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी निभाने की याद दिलाने का आग्रह किया है। पत्र की प्रतियां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कानून राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल को भी भेजी गई हैं।

अन्य समाचार