मुख्यपृष्ठअपराध१५ साल की बेटी पर टूटा दुखों का पहाड़...सगी ‘मां’ ही निकली...

१५ साल की बेटी पर टूटा दुखों का पहाड़…सगी ‘मां’ ही निकली शैतान!

-सौतेले बाप ने किया ‘बेटी’ का रेप तो मां ने बना डाला कॉलगर्ल

-लाने-ले जाने वाला रिक्शाचालक भी बनाता रहा हवस का शिकार

सामना संवाददाता / मुंबई

महज १५ साल की बच्ची पर ढाए गए जुल्म की कहानी दिल दहला देनेवाली है। सौतेले पिता ने बेटी का रेप किया तो सगी मां ने उसे कॉलगर्ल बना डाला। इतना ही नहीं, रिक्शाचालक ने भी उसे अपनी हवस का शिकार बनाया। बेबस बच्ची को जब यह अहसास हुआ कि उस पर हो रहे अत्याचार पर कोई सुननेवाला नहीं और कोई मदद करनेवाला नहीं तो एक दिन घरवालों को चकमा देकर नालासोपारा में रहनेवाली बच्ची अपनी सहेली के पास भाग गई। बात पुलिस तक गई तो बच्ची पर किए गए जुल्म की कहानी सुनकर उनके भी रोंगटे खड़े हो गए। पुलिस ने सौतेले पिता और मां को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के पैरोंतले जमीन खिसकी
रोते हुए बच्ची ने अपने ऊपर हुए अत्याचार की कहानी पुलिस को बताई तो मानो पुलिस के पैरोंतले जमीन खिसक गई। पीड़िता ने बताया कि उसके पिता का देहांत होने के बाद मां ने दूसरी शादी की। सौतेला पिता उसे बुरी नजर से देखता था और मौका पाकर उसका रेप करता था। उसने अपने साथ हो रहे बलात्कार की बात मां से बताई तो मां ने उसे कॉलगर्ल बना दिया। पीड़िता के मुताबिक, मां उसे हर रोज नए-नए ग्राहकों के पास जबरन भेजने लगी। मां ग्राहकों से १५ सौ से २ हजार रुपए लेती थी। बात यहीं खत्म नहीं हुई। मां ने ग्राहकों तक पहुंचाने के लिए एक फिक्स रिक्शाचालक किया था। वह भी शैतान निकला। रिक्शाचालक भी बच्ची को डरा-धमकाकर अपनी हवस का शिकार बनाने लगा। पुलिस के मुताबिक ,बच्ची की शिकायत पर सौतेले पिता और मां को गिरफ्तार किया गया है और फरार रिक्शाचालक की तलाश जारी है।
मां ने दर्ज कराई गुमशुदगी की शिकायत
मिली जानकारी के मुताबिक, कांदिवली स्थित चारकोप पुलिस स्टेशन में महिला ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसकी १५ साल की बेटी घर से लापता है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की और लापता बच्ची के मोबाइल का लोकेशन ट्रेस किया तो पता चला कि वह नालासोपारा में है। पुलिस की टीम फौरन वहां पहुंची और बच्ची का पता लगा लिया। हैरानी की बात तो यह है कि बच्ची अपने घर जाने को तैयार नहीं थी। पुलिस को कुछ शक हुआ तो उन्होंने बच्ची को अपने विश्वास में लिया और सारी हकीकत जानने की कोशिश की।

अन्य समाचार