मुख्यपृष्ठनए समाचारउद्घाटन से पहले बह गया करोड़ों में बना लोहे का पुल! ...बोगस...

उद्घाटन से पहले बह गया करोड़ों में बना लोहे का पुल! …बोगस कामकाज की खुली पोल

-विपक्ष ने लगाई जमकर लताड़
-विधान परिषद सभापति राम शिंदे के फंड से हुआ था काम

सामना संवाददाता / मुंबई
करोड़ों रुपयों की लागत से कर्जत जामखेड़ स्थित विंचरणा नदी पर बना एक लोहे का पुल उद्घाटन से पहले ही ढह गया, जिससे सरकारी कामकाज में व्याप्त भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की पोल खुल गई है। विपक्ष ने इस घटना को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला है और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। बताया गया है कि यह पुल विधान परिषद के सभापति राम शिंदे के निर्देश पर बनाया गया था, जिसकी गुणवत्ता पर अब गंभीर सवाल उठाए जा रहे हैं। पुल का इस तरह गिर जाना सरकारी परियोजनाओं में होनेवाले बोगस कामकाज का जीता-जागता सबूत माना जा रहा है।
कर्जत-जामखेड विधानसभा क्षेत्र में हुई सभा में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के महासचिव व विधायक रोहित पवार ने प्रशासनिक अधिकारियों को कड़ा संदेश दिया। राम शिंदे की निधि से बनाए गए तीन करोड़ रुपए के लोहे के पुल का उद्घाटन होने से पहले ही पुल का पानी में बह जाना अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़ा कर गया। इस सभा में जनता की शिकायतों का समाधान न होने पर रोहित पवार ने अधिकारियों की खुलेआम क्लास ली। इस घटना का वीडियो सामाजिक कार्यकर्ता अंजलि दमानिया ने सोशल मीडिया पर साझा किया, जिससे राजनीतिक विवाद छिड़ गया।
बर्दाश्त नहीं होगी
जनता के पैसों की बर्बादी
कर्जत-जामखेड में अधिकारियों को फटकारते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि बोगस कामों की वजह से उनका गुस्सा हमेशा बना रहेगा और पार्टी के लिए वे पूरी गंभीरता से संघर्ष करेंगे। रोहित पवार ने कहा कि पुल बह जाने की घटना अधिकारियों की कमजोर कार्यप्रणाली पर सीधे निशाना बन गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता के पैसों की बर्बादी बर्दाश्त नहीं होगी।
कमीशनखोरी के लिए मंजूर होते हैं नकली काम
रोहित पवार ने कहा कि पुल का निर्माण सिर्फ दिखावे के लिए किया गया और इतने घटिया गुणवत्ता के काम को मंजूरी देना जनता के पैसों की बेवजह बर्बादी है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या केवल कमीशनखोरी के लिए ऐसे नकली काम मंजूर किए जाते हैं? उन्होंने साफ कहा कि हम जमीन पर रहकर जनता के लिए लड़ते रहेंगे, लेकिन किसी को खुश करने के लिए अपनी स्टाइल और स्वभाव नहीं बदलेंगे।

अन्य समाचार

पिता