मुख्यपृष्ठसमाचारकृष्णानंद राय की हत्या के बाद मुख्तार ने जिस अभय सिंह से...

कृष्णानंद राय की हत्या के बाद मुख्तार ने जिस अभय सिंह से खुशियां बांटी थीं, सपा में होते हुए उसे केंद्र ने दे रखी है वाई श्रेणी की सुरक्षा!

मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ

गाजीपुर जेल में बंद माफिया मुख्तार अंसारी ने जब भाजपा विधायक कृष्णानंद राय की हत्या होने की सूचना फैजाबाद जेल में बंद अभय सिंह को दिया तो वह बहुत खुश था। जिस अभय सिंह को सूचित कर मुख्तार खुशी नहीं संभाल पा रहा था, वह उस समय जेल में था। लेकिन अब जब मुख्तार अंसारी की मौत हो चुकी है, तब अभय सिंह भाजपा के संरक्षण में वाई श्रेणी की सुरक्षा कवच में महफूज हो चुके हैं।
राज्यसभा चुनाव में सपा विधायक अभय सिंह ने अखिलेश यादव से बगावत करके भाजपा प्रत्याशी संजय सेठ के पक्ष में क्रॉस वोटिंग किया, जिसके बाद केंद्र की भाजपा सरकार अभय सिंह पर इतना मेहरबान हो गई कि सपा के बागी विधायक को वाई श्रेणी की सुरक्षा प्रदान कर दी। अब सीआरपीएफ के जवान अभय सिंह की सुरक्षा में तैनात हो गए हैं। दरअसल, लोकसभा चुनाव 2024 से पहले हुए राज्यसभा चुनाव में बड़ा उलटफेर हो गया था। करीब 7 समाजवादी पार्टी के विधायकों ने सपा उम्मीदवार को वोट न करके क्रॉस वोटिंग की थी। इसमें अयोध्या की गोसाईगंज सीट से विधायक अभय सिंह का नाम भी शामिल था।
परिणाम के बाद सपा विधायक अभय सिंह मुख्यमंत्री के अगल-बगल फड़क रहे थे। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के साथ विक्ट्री का सिंबल दिखाते हुए नजर आए थे। उसके कुछ दिन बाद अभय सिंह ने अयोध्या पहुंच कर रामलला के दर्शन कर भावुक वक्तव्य दिया था।
कहते हैं कि कृष्णानंद राय की हत्या के बाद मुख्तार ने अट्टहास किया था। जोर-जोर से चिल्लाया था, चुटिया काट ली है… जय श्री राम! कृष्णानंद राय अपने माथे पर टीका और शिर पर चुटिया रखते थे। 19 साल पहले 2005 में विधायक कृष्णानंद राय की हत्या के बाद मुख़्तार के इशारे पर मरने के बाद कृष्णानंद राय की चुटिया काट ली गई थी। उस घटना की जांच में जो सनसनीखेज खुलासे हुए थे, उसमें मुख़्तार की संलिप्तता की बातें सामने आई थीं। तत्कालीन आईजी एसटीएफ अमिताभ यश के मुताबिक, उस वक्त मुख्तार अंसारी गाजीपुर जेल में बंद था, वहीं माफिया अभय सिंह फैजाबाद जेल में था। उस दिन अभय सिंह ने मुख्तार को फोन किया था।
एसटीएफ के मुताबिक, दोनों के बीच कृष्णानंद राय की हत्या को लेकर बातचीत हुई थी। मुख्तार ने फोन पर कहा था कि चोटी काट ली है, जय श्री राम… मुठ्ठी पर है। दरअसल, घटना के दिन दोनों के बीच की बातचीत का जो ऑडियो सामने आया था, उसमें अभय सिंह किसी जमीन को लेकर बात कर रहा था। लेकिन अचानक से मुख्तार ने बात पलट दी और कहने लगा कि मुन्ना बजरंगी और कृष्णानंद राय के बीच गोलीबारी चल रही है। इस पर अभय पूछता है कि दोनों तरफ से चल रही है या एक तरफा। बातचीत में मुख्तार ने कटाक्ष अंदाज में कहा था कि चोटी काट ली है, जय श्रीराम…! मुख्तार की इस बात को अभय समझ जाता है और फोन कट कर लेता है। जो ऑडियो वायरस हुआ, `दोपहर का सामना’ उसकी सत्यता की पुष्टि नहीं करता, लेकिन भाजपा खेमे में इसको लेकर तरह-तरह की चर्चा है।

अन्य समाचार