नई दिल्ली भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से तैयार किए गए कथित फर्जी वीडियो और तस्वीरों के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने अपने पर्सनैलिटी राइट्स की सुरक्षा के साथ सोशल मीडिया से ऐसे सभी विवादित कंटेंट हटाने की मांग की है। सुनवाई के दौरान जस्टिस ज्योति सिंह ने पाया कि याचिका में जिन यूआरएल का उल्लेख किया गया है, उनसे जुड़े स्क्रीनशॉट संलग्न नहीं किए गए हैं। अदालत ने अभिषेक के वकील को संबंधित स्क्रीनशॉट और शपथपत्र दाखिल करने का निर्देश देते हुए मामले की अगली सुनवाई ९ जुलाई तय की है। याचिका के अनुसार, सोशल मीडिया पर एआई की मदद से तैयार किए गए कई वीडियो और तस्वीरें प्रसारित की गर्इं, जिनमें उनकी मैनेजर को उनकी गर्लफ्रेंड बताकर भ्रामक दावे किए गए। अभिषेक का कहना है कि इस तरह के फर्जी कंटेंट से उनकी छवि को नुकसान पहुंचा है और इसे तत्काल हटाया जाना चाहिए।
