मुख्यपृष्ठसमाचारअंकिता भंडारी के लिए न्याय मांगने वाली अभिनेत्री उर्मिला लापता...भाजपा नेताओं पर...

अंकिता भंडारी के लिए न्याय मांगने वाली अभिनेत्री उर्मिला लापता…भाजपा नेताओं पर लगाया था आरोप!

मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ

उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड के मामले में न्याय की मांग कर रही सहारनपुर निवासी अभिनेत्री उर्मिला सनावर संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। चार दिन पहले अभिनेत्री ने फेसबुक पर लाइव आकर रोते हुए अंकिता को न्याय दिलाने की मांग की थी। इसके बाद से अभिनेत्री का कोई पता नहीं है। अभिनेत्री उर्मिला सनावर का सहारनपुर में थाना सदर बाजार क्षेत्र के गांव मोहल्ला गोविंद नगर में आवास है। वह हरिद्वार जिले की ज्वालापुर विधानसभा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर से शादी के बाद चर्चाओं में आई थी। हालांकि अब उनके बीच विवाद चल रहा है। अब उर्मिला उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी मर्डर केस में न्याय दिलाने के लिए सामने आईं। अभिनेत्री ने इस हत्याकांड में भाजपा नेताओं के हाथ होने का आरोप लगाया है। इसी मामले में 29 दिसंबर को उर्मिला अपनी फेसबुक पर लाइव आई थी। वीडियो में वह एक ऑटो से कहीं जाती दिख रही थीं, जो रोते हुए कह रही थी कि उत्तराखंड पुलिस मुझे निशाना बना रही है। मेरी जान को खतरा है। उत्तराखंड की जनता को इस पूरे मामले में सच समझना चाहिए। चुप नहीं बैठना चाहिए। उस बेटी की हाय तुम्हें लगेगी, तुम्हारा सर्वनाश होगा।
इस वीडियो के आने के बाद उर्मिला का कोई सुराग नहीं लगा है। सभी मोबाइल नंबर बंद हैं। सहारनपुर वाले घर पर ताला है। उर्मिला कहां है, यह किसी को पता नहीं है। अभिनेत्री की ओर से जो आरोप लगाए गए हैं। उनकी जांच शुरू हो गई है। इस संबंध में हरिद्वार पुलिस ने उर्मिला के गोविंद नगर आवास पर पहुंचकर नोटिस चस्पा किया है। इसमें बयान और उपलब्ध साक्ष्यों सहित बुलाया है।बताया जा रहा है कि उर्मिला सनावर के खिलाफ हरिद्वार जिले के अलग-अलग थानों में प्राथमिकी दर्ज हैं। इन मामलों की जांच चल रही है। भाजपा नेत्री आरती गौड़ ने देहरादून में उर्मिला सनावर और पूर्व विधायक सुरेश राठौर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करा रखी है। उर्मिला सनावर कई टीवी सीरियल और फिल्मों में काम कर चुकीं हैं। फिलहाल, उनके पास कोई बड़ा प्रोजेक्ट नहीं है। पिछले करीब दो साल से वह चर्चाओं में हैं। कुछ समय पहले मुंबई की एक अन्य अभिनेत्री ने जिले के एक भाजपा नेता पर संगीन आरोप लगाए थे। उस मामले में भी उर्मिला सनावर ने कई बार दूसरी अभिनेत्री के पक्ष में वीडियो बनाए थे।

अन्य समाचार