मुख्यपृष्ठनए समाचारकोर्ट की लताड़ से जागा प्रशासन...१५ दिन में १२४ अवैध निर्माण ध्वस्त!

कोर्ट की लताड़ से जागा प्रशासन…१५ दिन में १२४ अवैध निर्माण ध्वस्त!

सामना संवाददाता / ठाणे

ठाणे महानगरपालिका के सोए हुए अधिकारी न्यायालय की लताड़ के बाद जाग उठे हैं। मनपा प्रशासन ने मात्र १५ दिनों में मनपा सीमा अंतर्गत बनाए गए १२४ अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिए हैं। यह कार्रवाई पिछले एक महीने से नियमित रूप से चल रही है और इसमें शील स्थित एम. के. कंपाउंड की १८ इमारतों को ध्वस्त करना भी शामिल है। ऐसे में क्या महानगरपालिका अधिकारियों को न्यायालय के आदेश के बाद ही ये अवैध इमारतें नजर आर्इं? ऐसी चर्चा ठाणेकरों के बीच होने लगी है।
१९ जून से शुरू हुई कार्रवाई
ठाणे मनपा क्षेत्र में १९ जून से अतिक्रमण विरोधी दस्ते ने नियमित कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके लिए महानगरपालिका आयुक्त सौरभ राव ने नौ वॉर्ड समिति क्षेत्रों में उपायुक्त स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में विशेष दल नियुक्त किए हैं। इस अभियान में बीट निरीक्षकों द्वारा दर्ज किए गए और वर्तमान में वॉर्ड समिति क्षेत्रों में चल रहे अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने को प्राथमिकता दी गई है।
वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि अवैध निर्माणों की शिकायत मिलने पर उन्हें भी तोड़ा जा रहा है। शहर के प्राकृतिक रूप से सुंदर येऊर और खाड़ी के हरित क्षेत्र में भी अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। खाड़ी के किनारों पर अवैध भराव के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। शहर में कई अवैध निर्माणों में अतिरिक्त निर्माण भी शामिल हैं। कुछ दिन पहले कार्रवाई के बाद चल रहे इन निर्माणों पर भी कार्रवाई की गई। इन निर्माणों में अवैध चाल, अतिरिक्त शेड, अतिरिक्त निर्माण, आरसीसी भवनों का निर्माण, अवैध बंगले, नालियों के किनारे बने निर्माण, आरक्षित भूखंडों पर गोदाम, क्रिकेट टर्फ आदि शामिल हैं।

अन्य समाचार