मुख्यपृष्ठअपराधफर्जी पासपोर्ट पर शारजाह जा रहा अफगान नागरिक वाराणसी एयरपोर्ट पर गिरफ्तार

फर्जी पासपोर्ट पर शारजाह जा रहा अफगान नागरिक वाराणसी एयरपोर्ट पर गिरफ्तार

उमेश गुप्ता / वाराणसी

लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बाबतपुर पर इमिग्रेशन जांच के दौरान फर्जी भारतीय पासपोर्ट के सहारे शारजाह जाने का प्रयास कर रहे एक अफगान नागरिक को गिरफ्तार किया गया। ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन की सूचना पर फूलपुर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई को एयर इंडिया एक्सप्रेस की वाराणसी-शारजाह उड़ान (IX-183) की इमिग्रेशन जांच के दौरान एक संदिग्ध यात्री को रोका गया। जांच में उसकी पहचान अफगानिस्तान के गजनी निवासी अब्दुल रहमान ताराकी के रूप में हुई, जिसने रहमान शाह के नाम से फर्जी भारतीय पासपोर्ट बनवा रखा था।
पूछताछ में पता चला कि आरोपी वर्ष 2019 में मेडिकल अटेंडेंट वीजा पर भारत आया था। वीजा समाप्त होने के बाद भी वह अवैध रूप से यहीं रह रहा था। भारत में रहने और विदेश यात्रा के लिए उसने कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर मुंबई क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (आरपीओ) से भारतीय पासपोर्ट हासिल किया था।
आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, जन्म प्रमाणपत्र, डोमिसाइल प्रमाणपत्र, दो सोने की अंगूठियां, कलाई घड़ी, 750 अमेरिकी डॉलर, 2255 यूएई दिरहम, 2060 अफगानी मुद्रा और 3110 रुपये नकद बरामद हुए हैं। पुलिस सभी दस्तावेजों और बरामद सामान की जांच कर रही है।

अन्य समाचार