राजेश सरकार / प्रयागराज
जिले के गंगापार क्षेत्र में मासूम को चॉकलेट देकर उसके साथ हैवानियत किए जाने का शर्मनाक मामला सामने आया है। छह साल की बच्ची से रेप किया गया। हैवानियत की शिकार बच्ची को गंभीर हालत में प्रयागराज शहर के डफरिन अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती किया गया है। बुधवार को हुई इस घटना की जानकारी गुरुवार को परिजन को हुई। बच्ची के बयान के मुताबिक किराना व्यापारी ने बच्ची को चॉकलेट देने के बहाने दुकान के अंदर बुला लिया। इसके बाद उसके साथ दरिंदगी की। रेप के बाद बच्ची दर्द और डर से रोती रही। फिर उसने मासूम को डराया कि किसी से बताया तो चाकू से काट देंगे। कुछ देर बाद बच्ची घर चली गई। घर जाकर ज्यादातर वक्त सोती रही। गुरुवार को अचानक वह दर्द से तड़पने लगी तो घरवालों ने उसे बहला-फुसला कर पूछा। इसके बाद मासूम ने पूरी घटना बयां कर दी। परिवार वालों ने दुकान पर पहुंच हंगामा किया तो आरोपी धमकी देकर भागने लगा। पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर लिया है। उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज किया गया है। बच्ची अस्पताल में भर्ती है। उसका बयान दर्ज कर लिया गया। हैवानियत का यह मामला गंगापार इलाके के बहरिया थाना क्षेत्र के एक गांव का है। प्राथमिक स्कूल में पहली कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा के घर के पास ही किराना की एक दुकान है जहां वो अक्सर टॉफी खरीदने जाती थी।दुकानदार सुरेश कुमार पुत्र राजबहादुर पटेल बच्ची पर गंदी निगाह रखता था। दोपहर बच्ची दुकान के पास खेल रही थी। तभी सुरेश ने उसे पास बुलाया।चॉकलेट देने के बहाने उसे दुकान के पीछे के हिस्से में ले गया। जहां उसके साथ अश्लीलता की। फिर रेप किया। बहरिया थाना अध्यक्ष बृजेश सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
