प्रेम यादव / भायंदर
भायंदर-पश्चिम के उत्तन समुद्र तट पर स्वच्छोत्सव-स्वच्छता ही सेवा २०२५ अंतर्गत मेगा बीच क्लीनअप अभियान चलाया गया। इस अभियान में मनपा प्रशासन, वन विभाग, सामाजिक संस्थाएं और स्कूल-कॉलेज के एनएसएस विद्यार्थी एक साथ जुड़े। करीब ४,००० विद्यार्थियों ने हाथों से कचरा उठाकर समुद्र तट को स्वच्छ बनाने में भाग लिया। सामूहिक प्रयास से ७,४१० किलो कचरा हटाकर तट को साफ-सुथरा किया।
मनपा आयुक्त राधाबिनोद शर्मा की मौजूदगी में यह अभियान चलाया गया। विद्यार्थियों ने प्लास्टिक मुक्त किनारा और स्वच्छ पर्यावरण की शपथ ली। छोटे बच्चों से लेकर कॉलेज के युवाओं तक ने उत्साह से भाग लिया। मनपा के कर्मचारी, स्वयंसेवी संस्थाएं और नागरिक भी शामिल रहे। उत्तन बीच पर पिछले ५ साल से लगातार स्वच्छता अभियानों का परिणाम अब दिख रहा है। पहले जहां केवल कचरा और प्लास्टिक था, वहीं अब रेत और मिट्टी दिखाई देने लगी है। फॉर फ्यूचर इंडिया संस्था ने इस अभियान की नींव रखी थी। आज यहां हर सप्ताह नियमित रूप से सफाई अभियान चलाया जाता है। इससे न केवल समुद्र तट का सौंदर्य लौटा है, बल्कि पर्यटन को भी बढ़ावा मिल रहा है। यह अभियान पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक प्रदूषण से लड़ाई का मजबूत संदेश है।
आयुक्त ने कहा कि यह केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को जागरूक करने का बड़ा उद्देश्य है, लेकिन हकीकत यह है कि प्रशासन अपनी जिम्मेदारी निभाने में लगातार नाकाम रहा है। कचरा प्रबंधन और प्लास्टिक प्रदूषण पर सरकार की उदासीनता साफ झलकती है। विद्यार्थियों और नागरिकों के प्रयासों ने प्रशासन को आईना दिखाया है। यह कार्य सरकार को करना चाहिए था, लेकिन उसका बोझ अब जनता उठा रही है।
