मुख्यपृष्ठअपराधएएनटीएफ ने कौशांबी में पकड़ा 50 लाख का गांजा...फिल्मी स्टाइल में दौड़ाकर...

एएनटीएफ ने कौशांबी में पकड़ा 50 लाख का गांजा…फिल्मी स्टाइल में दौड़ाकर पकड़े फतेहपुर के दो तस्कर

राजेश सरकार / प्रयागराज

नशे के सौदागरों के खिलाफ प्रयागराज की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने पड़ोसी कौशांबी जनपद के कोखराज इलाके में जाल बिछाकर एक कार से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद किए गए गांजे का वजन 1 कुंतल (100 किलोग्राम) बताया जा रहा है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से फतेहपुर जनपद के रहने वाले दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी जानकारी के मुताबिक, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को सटीक सूचना मिली थी कि एक कार में भारी मात्रा में नशीला पदार्थ तस्करी के लिए ले जाया जा रहा है। इस सूचना पर तत्काल एक्शन लेते हुए एएनटीएफ की टीम ने कौशांबी के कोखराज थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर दी। कुछ ही देर में संदिग्ध कार आती हुई दिखाई दी, जिसे टीम ने रुकने का इशारा किया।
भागने की कोशिश, फोर्स ने दौड़ाकर दबोचा
पुलिस टीम को सामने देखकर तस्करों के होश उड़ गए। उन्होंने कार मोड़कर भागने का प्रयास किया। तस्करों को भागता देख एएनटीएफ के जवानों ने फिल्मी अंदाज में पीछा करते हुए उन्हें चारों तरफ से घेर लिया और कार को रुकवा लिया। कार की सघन तलाशी लेने पर पुलिस की आंखें फटी की फटी रह गईं। तस्करों ने कार के भीतर विशेष केबिन और जगहों पर छिपाकर कुल 1 कुंतल अवैध गांजा रखा हुआ था।
फतेहपुर के रहने वाले हैं दोनों तस्कर
पकड़े गए दोनों तस्करों की पहचान फतेहपुर जनपद के निवासियों के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया है कि ये दोनों लंबे समय से अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के काले कारोबार में लिप्त थे। ये गांजा कहां से लाया जा रहा था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था, इसको लेकर पुलिस और टास्क फोर्स की टीम दोनों आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है। पुलिस को आशंका है कि इस नेटवर्क के तार अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े हो सकते हैं।

अन्य समाचार