मुख्यपृष्ठस्तंभस्टेशन रानी बांद्रा

स्टेशन रानी बांद्रा

विमल मिश्र, मुंबई

सुंदर, अभिजात और आधुनिक- बांद्रा का नाम सुनते ही जो पहली छवि नजरों में उभरती है, उस पर सटीक उतरता है उसका स्टेशन भी। बांद्रा स्टेशन इन दिनों अपनी स्थापना की १६२वीं वर्षगांठ मना रहा है।

बांद्रा अपने मॉडर्न, फैशनेबल और निराले अंदाजे बयां वाले अलहदा देसी कॉलोनियल रहन-सहन, चर्चों, फिल्म व स्पोर्ट्स स्टार्स के शानदार बंगलों, सी लिंक, बैंड स्टैंड, लिंकिंग रोड, कार्टर रोड, जागर्स पार्क, पॉली हिल, बी. के. सी. व रिक्लेमेशन जैसी जगहों और माउंट मेरी जैसे मेलों के लिए देशभर में अलग पहचान रखता है। सबसे कॉस्मोपोलिटन लुक वाला सबर्ब है, जहां घर या वर्किंग प्लेस होना अपने आप में रुतबा है। ‘क्वीन ऑफ सबर्ब्स’ का यह रेल स्टेशन हर बात में उसका ही स्टाइलिश प्रतिरूप है। पूरा स्टेशन परिसर इन दिनों तीन दिन के विविधरंगी ‘बांद्रा स्टेशन महोत्सव’ से गुलजार है। क्यों न हो, उसकी स्थापना की १६२वीं वर्षगांठ जो है।
बांद्रा स्टेशन छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, चर्चगेट और भायखला के साथ मुंबई के सबसे खूबसूरत रेलवे स्टेशनों में शामिल होता है। सीएसएमटी और चर्चगेट के बाद शायद यह दूसरा स्टेशन है, जिसे लोग ‘देखने’ आया करते हैं। उन्हीं की तरह रेलवे की राष्ट्रीय विरासत सूची का अंग, जिसके सौंदर्य को निहारते विदेशी पर्यटक व कला वैभव को कैनवासों में संजोते कला छात्र आपको कभी भी दिख जाएंगे। विक्टोरियन गोथिक और ‘कालोनियल वर्नाकुलर’ का मिश्रण ग्रेड-१ का यह ‘हेरिटेज’ स्टेशन ऐसा पहला स्टेशन है, जिसका डिजाइन ही नहीं, पूरा ढांचा लगभग १६५ फुट लंबी छत और सजावटी बुर्जों सहित ही लंदन में बना और जहाज में लाकर असेंबल (१८६९) किया गया। इसकी सजावटी छतें चार साल बाद और बाहरी इमारत १८८० में बनी। १८९९ तक यह ‘बंदोरा’ कहलाता रहा। यह वह वक्त था जब बांद्रा और आगे की जगहों पर जैसे भूत लोटा करते थे और सरकार को एकांत-बियाबान जगहों पर बसने के लिए लोगों को प्रोत्साहन देने पड़ते थे। बीबीएंडसीआई रेलवे (पश्चिम रेल) ने भी यात्रियों को ३१ दिसंबर, १९३० से पहले बांद्रा में १०,००० रुपए का प्लाट खरीदने वालों को पहले दर्जे का एक व दूसरे दर्जे के दो और इससे कम कीमत का खरीदने पर एक दूसरे और दो तीसरे दर्जे के सीजन टिकट मुफ्त देने के वादों से रिझाया।
स्टेशन मास्टर के कार्यालय के बाहर खड़े होकर अगर आप प्लेटफॉर्म नंबर दो की ओर बिलकुल सीध में टकटकी बांधें तो पटरियों में काम आने वाले लोहे के पुराने खंभों पर टिकी मेहराबों में ‘१८८८’ झांकता दिखेगा। ‘१८८८’ यानी स्टेशन भवन बनने का साल। ऐसे कुल छह खंभे स्टेशन पर हैं, जिनपर तीन कोचों (उस जमाने में ट्रेनों में इतने ही कोच होते थे) को ढकने वाला मूल शेड टिका है।
रॉट आयरन पर पच्चीकारी के बारीक काम, बडे-बड़े दरवाजों, गहरे बरामदों, खिड़कियों, छज्जों व मेन गेट के पोर्टिको के ऊपर पिरामिडनुमा लाल टाइलों के रूफ टॉवर वाला बांद्रा स्टेशन का आकर्षक भवन दो प्लेटफॉर्मों के साथ बन तो गया १८८८ में, पर खुल पाया अगले वर्ष-इंगलैंड से ‘छत’ आ पाने के बाद ही। गहरे बरामदों और पिरामिड के आकार का भास देने वाला यह रूफ टॉवर परिचायक है टेलीफोन और टेलीग्राफ लाइनें आने से पहले वाच टावर के रूप में इस्तेमाल किए जाने का।
स्टेशन के निर्माण का कुछ काम मेसर्स बाझोनजी एंड दोसा भाई बागजी ने किया। समूचे कार्य की लागत आई थी १,४३,४३९ रुपए। २८ नवंबर, १८६४ ‘बंदोरा’ के रूप में स्टेशन की शुरुआत की तारीख है-अपने बंदरगाह के नाम पर। पहली फास्ट लोकल बांद्रा लोकल ही हुआ करती थी। मछलियों के लादे जाने का मुख्य स्थान यह पहले से ही था। १८ फरवरी, १८६७ को म्यूनिसिपलिटी ने ओल्ड डिसूइट कॉलेज की जगह पर कत्लखाना खोला तो यहां से मीट स्पेशल ट्रेन भी शुरू की गयी। अगस्त, १८९६ में मुंबई में जोरों का ब्यूबोनिक प्लेग फैला तो बांद्रा जहाजों से आने वाले थर्ड क्लास के यात्रियों की क्वारंटाइन जांच का ठिकाना बना। यह उन कुछ स्टेशनों में से भी है, जहां यात्रियों के लिए सबसे पहले शिकायत पुस्तिकाएं रखी गईं। रेल संबंधी उपलब्धियों के मामले में बांद्रा सबसे आगे रहा है।
मेकओवर से निखरी शोभा
बीते वर्षों में मौसम की मार व लीकेज से दीमक से दरवाजों व खिड़कियों सहित बांद्रा स्टेशन का बीम व बेंचों सहित बर्मा टीक वुड की बनी बीम और ढांचा खराब हो गया था। टीक वुड की बेंचें, प्लेटफॉर्मों के ऊपर लकड़ी में मढ़ी मंगलूर टाइल वाली कवरिंग, स्लैटेड होर्डिंग, आइरन साइन होल्टर और विक्टोरियन पैâशन के टेलीफोन बूथ गायब होते गए थे। बिना सोचे समझे पेंट, सीमेंट, कीलों और दूसरे काम करने से शोभा बनने के बजाय बिगड़ गई थी। इसकी मौजूदा शोभा मेकओवर से निखरी है, जो कई चरणों में हुआ है।
(लेखक ‘नवभारत टाइम्स’ के पूर्व नगर संपादक, वरिष्ठ पत्रकार और स्तंभकार हैं।)

अन्य समाचार