मुख्यपृष्ठनए समाचारसाढ़े पांच हजार करोड़ कहां उड़ाए शिंदे?

साढ़े पांच हजार करोड़ कहां उड़ाए शिंदे?

– मेहकर के विकास के नाम पर भारी-भरकम निधि देने के दावे पर उठे सवाल
– पूर्व राज्यमंत्री सुबोध सावजी ने मुख्यमंत्री से की शिकायत, एसीबी जांच की मांग

सुनील ओसवाल / मुंबई
साढ़े पांच हजार करोड़ रुपये की भारी-भरकम निधि आखिर कहां खर्च हुई? विकास के नाम पर इतनी बड़ी रकम उपलब्ध कराने के दावे के बावजूद मेहकर विधानसभा क्षेत्र में चुनावी नतीजा पक्ष में क्यों नहीं आया? उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के इस बयान ने अब महाराष्ट्र की सियासत में नया विवाद खड़ा कर दिया है। खास बात यह है कि शिंदे के दावे पर सवाल विपक्ष नहीं, बल्कि भाजपा के ही पूर्व राज्यमंत्री सुबोध सावजी ने उठाए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को शिकायत भेजकर पूरे मामले की भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) से जांच कराने की मांग की है।
बुलढाणा जिले के मेहकर में आयोजित सूखाग्रस्त किसानों के संवाद सम्मेलन और सेवा संकल्प अभियान कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दावा किया था कि मेहकर विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए साढ़े पांच हजार करोड़ रुपये की निधि उपलब्ध कराई गई है। इसी दौरान उन्होंने इतनी बड़ी निधि देने के बावजूद चुनाव में अपना उम्मीदवार हारने का जिक्र भी किया था। उनके इस बयान के बाद अब सवाल उठ रहा है कि आखिर इतनी बड़ी रकम किन विकास कार्यों पर खर्च की गई और उसका जमीन पर कितना असर दिखाई दिया?
फडणवीस से मांगा पाई-पाई का हिसाब
भाजपा के पूर्व राज्यमंत्री सुबोध सावजी ने शिंदे के इसी बयान को आधार बनाकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से जवाब मांगा है। उन्होंने अपनी शिकायत में मांग की है कि मेहकर विधानसभा क्षेत्र के लिए उपलब्ध कराई गई साढ़े पांच हजार करोड़ रुपये की निधि का कार्यवार और विभागवार ब्योरा सार्वजनिक किया जाए। किस विभाग को कितनी रकम मिली, कौन-से विकास कार्य मंजूर हुए, कितनी राशि खर्च हुई और कौन-से काम पूरे हुए, इसका पूरा हिसाब जनता के सामने रखा जाना चाहिए।
सावजी ने केवल हिसाब सार्वजनिक करने की मांग तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि पूरे मामले की एसीबी के माध्यम से तत्काल जांच कराने की मांग भी की है। उनका कहना है कि निधि के इस्तेमाल में भ्रष्टाचार अथवा वित्तीय अनियमितताएं सामने आती हैं तो संबंधित अधिकारियों और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

अन्य समाचार