मुख्यपृष्ठनए समाचारअधिवेशन से पहले ही महंगाई का हवाई झटका!

अधिवेशन से पहले ही महंगाई का हवाई झटका!

-मुंबई-नागपुर फ्लाइट का किराया २० हजार पार
– ट्रेनों में वेटिंग की मार, होटल और ठहरने का खर्च भी बढ़ा
सुनील ओसवाल / मुंबई
राज्य विधानमंडल का शीतकालीन अधिवेशन ७ दिसंबर से शुरू होने जा रहा है। अधिवेशन के लिए नागपुर पहुंचने वाले जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और अन्य आगंतुकों को इस बार सफर के लिए भी ज्यादा जेब ढीली करनी पड़ेगी। मुंबई-नागपुर हवाई यात्रा का एकतरफा किराया १५ से २० हजार रुपये तक पहुंच गया है, वहीं रेलवे की प्रतीक्षा सूची में भी भारी बढ़ोतरी हुई है। ऐसे में अधिवेशन के लिए नागपुर पहुंचने वालों का आर्थिक गणित बिगड़ने के आसार हैं।
शीतकालीन अधिवेशन के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों से जनप्रतिनिधि, सरकारी अधिकारी, राजनीतिक दलों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और पत्रकार बड़ी संख्या में नागपुर पहुंचते हैं। इस दौरान मुंबई, पुणे और नागपुर के बीच यात्रियों की संख्या में भारी वृद्धि होती है। नतीजतन रेल आरक्षण पर दबाव बढ़ जाता है। इस बार भी अधिवेशन को देखते हुए रेलवे टिकट हासिल करने के लिए यात्रियों की भागदौड़ शुरू हो गई है।
ट्रेनों में सीटों के लिए मारामारी
मुंबई-नागपुर मार्ग पर विदर्भ एक्सप्रेस, दुरंतो एक्सप्रेस और सेवाग्राम एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनें चलती हैं। हालांकि, इन ट्रेनों में पूरे वर्ष यात्रियों की भारी भीड़ रहती है। आरक्षण खुलते ही कई श्रेणियों की सीटें जल्द ही भर जाती हैं। ऐसे में यात्रियों को वेटिंग लिस्ट का सहारा लेना पड़ रहा है। अधिवेशन के दौरान नागपुर आने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने से उपलब्ध सीटों के लिए प्रतिस्पर्धा और तेज हो गई है।
अधिवेशन के दौरान नागपुर के होटलों और अन्य आवासीय व्यवस्थाओं के किराये भी बढ़ जाते हैं। पहले से बढ़े हुए ठहरने के खर्च में अब महंगी यात्रा का बोझ भी जुड़ने वाला है। ऐसे में अधिवेशन के लिए कुछ दिनों तक नागपुर में ठहरने वाले अधिकारियों, पत्रकारों, कार्यकर्ताओं और अन्य आगंतुकों का बजट बिगड़ने की आशंका है।

 

अन्य समाचार