सामना संवाददाता / नई दिल्ली
सोमवार से शुरू होने वाले संसद के विशेष अधिवेशन में निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन से संबंधित विधेयक पेश किया जाएगा। यह विधेयक लोकतंत्र की हत्या करने वाला है और `इंडिया’ गठबंधन इसका कड़ा विरोध करेगा। कांग्रेस अध्यक्ष एवं राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कल यह स्पष्ट किया। राजनीतिक गलियारों में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी द्वारा इस विधेयक का समर्थन किए जाने की चर्चा के बीच `इंडिया’ आघाड़ी की बैठक में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी अनुपस्थित रही।
परिसीमन विधेयक को लेकर रणनीति तय करने के लिए `इंडिया’ गठबंधन के नेताओं की कल दिल्ली में खड़गे के निवास पर बैठक हुई। इसके बाद आयोजित पत्रकार परिषद में खड़गे ने इस विधेयक को लेकर मोदी सरकार पर जोरदार हमला बोला। खड़गे ने कहा कि लोकसभा की सीटें बढ़ाकर ८५० तक करने और सत्ता हमेशा अपने हाथों में बनाए रखने की भाजपा की साजिश है। भाजपा का नारा ‘अबकी बार ८०० पार’ है। लेकिन उसके इस मंसूबे को सफल नहीं होने दिया जाएगा। मोदी सरकार इस विधेयक का इस्तेमाल राजनीतिक हथियार के रूप में कर रही है। यदि सत्ता हमेशा के लिए इनके हाथों में चली गई तो हिंदुस्तान की स्थिति चीन जैसी हो जाएगी।
इंडिया गठबंधन इस विधेयक का पूरी ताकत से विरोध करेगा। मोदी सरकार के राजनीतिक हितों को पूरा नहीं होने देगी। `इंडिया’ गठबंधन की बैठक में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी, तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी, राष्ट्रीय जनता दल के मनोज झा और अभय कुमार सिंह, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के पी. संतोष कुमार, मुस्लिम लीग के मोहम्मद बशी, आरएसपी के एन. के. प्रेमचंद्रन और निर्दलीय सांसद कपिल सिब्बल प्रमुख रूप से उपस्थित थे। एनसीपी, द्रमुक, आम आदमी पार्टी और बीजू जनता दल को भी बैठक का निमंत्रण दिया गया था, लेकिन उनके प्रतिनिधि उपस्थित नहीं हुए।
निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन की जिम्मेदारी चुनाव आयोग को सौंपना मंजूर नहीं
कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने कहा कि निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप हैं। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के माध्यम से उन्होंने मतों की चोरी की है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त निर्वाचन क्षेत्रों के आरक्षण में भी गड़बड़ी कर सकते हैं। ऐसे में जिस आयोग पर मतों की चोरी के आरोप हैं, उसी को निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन की जिम्मेदारी सौंपना हमें स्वीकार नहीं है।
पिछड़े वर्गों के हितों की अनदेखी
खड़गे ने मोदी सरकार पर आरोप लगाया कि इस विधेयक में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के हितों की अनदेखी की गई है। सरकार ने जनगणना को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं की है। विधेयक में इससे जुड़ा कोई प्रावधान नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि नवीनतम जनगणना के आधार पर परिसीमन किया जाता तो इन समुदायों की सीटों में वृद्धि होती।
भाजपा एक हजार सांसद बनाए तो भी जनता देश के लुटेरों को सत्ता में नहीं आने देगी- आदित्य ठाकरे
शिवसेना नेता एवं युवासेनाप्रमुख आदित्य ठाकरे ने परिसीमन विधेयक को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आलोचना की। उन्होंने कहा कि भाजपा इस विधेयक के जरिए निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या में तोड़-फोड़ कर सांसदों की संख्या एक हजार तक बढ़ा दे, तब भी उसे चुनाव जीतने नहीं दिया जाएगा। देश की जनता प्रभु श्रीराम के मंदिर और देश को लूटने वालों को कभी स्वीकार नहीं करेगी। आदित्य ठाकरे ने कहा कि सांसदों की संख्या बढ़ने से उनके वेतन, भत्ते और आवास संबंधी खर्च भी बढ़ेंगे। इसका अतिरिक्त बोझ अंतत: देश की जनता पर करों के रूप में पड़ेगा।
उन्होंने मांग की कि मौजूदा सांसदों की संख्या को बढ़ाने के बजाय उनकी निधि को दोगुना किया जाना चाहिए। उन्होंने वर्तमान में महाराष्ट्र में लोकसभा की ४८ सीटें हैं। लेकिन इस बदलाव से महाराष्ट्र के साथ अन्याय होगा और उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व का संतुलन प्रभावित होगा। आदित्य ठाकरे ने सवाल उठाया कि यदि सांसदों की संख्या बढ़ाई जाती है, तो क्या प्रत्येक सांसद को संसद में अपनी बात रखने का पर्याप्त अवसर मिलेगा?
