मुख्यपृष्ठनए समाचारभाजपा नेता ने बेरोजगारों को भी नहीं बख्शा...नौकरी के नाम पर ६...

भाजपा नेता ने बेरोजगारों को भी नहीं बख्शा…नौकरी के नाम पर ६ लोगों से `९ लाख की ठगी!

-लिपिक पद पर भर्ती का भरोसा देकर ऐंठी रकम
-श्रीवर्धन का भाजपा तालुका अध्यक्ष और पूर्व सरपंच गिरफ्तार
जेदवी / मुंबई
सत्ता की राजनीति में रसूख और पद का इस्तेमाल किस तरह आम लोगों को ठगने के लिए किया जा सकता है, इसका एक मामला सामने आया है। सरकारी नौकरी की आस लगाए बैठे बेरोजगार युवाओं को कथित तौर पर ठगी का शिकार बनाने के आरोप में श्रीवर्धन के भाजपा तालुका अध्यक्ष और पूर्व सरपंच आशुतोष अंकुश पाटील को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि उसने मुंबई मनपा में लिपिक पद पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर छह युवाओं से करीब नौ लाख रुपए ऐंठ लिए। नौकरी तो मिली नहीं, उल्टे युवाओं की मेहनत की कमाई भी डूब गई।
विलेपार्ले पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने शुरुआत में तीन युवाओं को मुंबई मनपा में लिपिक पद पर भर्ती कराने का भरोसा दिलाया था। इस एवज में उनसे करीब साढ़े चार लाख रुपए वसूले गए। युवाओं को उम्मीद थी कि जल्द ही उन्हें सरकारी नौकरी मिल जाएगी, लेकिन समय बीतने के साथ न नियुक्ति पत्र मिला और न ही नौकरी से जुड़ी कोई ठोस जानकारी। रकम वापस मांगने पर भी उन्हें राहत नहीं मिली। इसके बाद पीड़ितों ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की तो कथित ठगी का दायरा बढ़ता चला गया। जांच में सामने आया कि आरोपी ने कुल छह युवाओं को नौकरी का झांसा देकर करीब नौ लाख रुपए वसूले थे।
अग्रिम जमानत नहीं मिली तो गिरफ्तारी
अपने साथ धोखाधड़ी होने का एहसास होने पर पीड़ितों ने विलेपार्ले पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने अदालत में अग्रिम जमानत की अर्जी भी दाखिल की थी, लेकिन राहत नहीं मिलने के बाद पुलिस ने २६ नवंबर को रायगढ़ जिले के दिवेआगर से उसे गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। सवाल यह है कि सरकारी नौकरी के नाम पर युवाओं को ठगने वाले ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कब होगी और पीड़ितों की मेहनत की कमाई कब वापस मिलेगी?

अन्य समाचार