-नाम-पता, मोबाइल नंबर और पहचान
-दस्तावेजों तक पहुंच का खुलासा
-मतदाताओं को डराने, उनकी प्रोफाइलिंग और वोट के अधिकार को प्रभावित करने का खतरा
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
देश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर पहले से सवालों का सामना कर रहे चुनाव आयोग की डिजिटल सुरक्षा व्यवस्था पर अब गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आयोग की आधिकारिक वेबसाइट में ऐसी तकनीकी खामी सामने आई है, जिसके चलते मतदाताओं की निजी जानकारी और उनके अपलोड किए गए पहचान दस्तावेजों तक अनधिकृत पहुंच संभव थी। नाम, मोबाइल नंबर, ईमेल, जन्मतिथि और घर के पते जैसी संवेदनशील जानकारियां उजागर होने के इस खुलासे ने करोड़ों मतदाताओं की निजता को लेकर चिंता बढ़ा दी है। रॉयटर्स की जांच के बाद आयोग ने वेबसाइट की खामी ठीक कर दी, लेकिन यह सवाल अब भी कायम है कि नागरिकों के चुनावी रिकॉर्ड की सुरक्षा में इतनी बड़ी चूक कैसे हुई?
एक साधारण सुविधा से
उजागर हुई निजी जानकारी
रॉयटर्स की एक महीने से अधिक समय तक चली जांच में सामने आया कि चुनाव आयोग की वेबसाइट पर स्थानीय निर्वाचन अधिकारी से फोन पर संपर्क करने की सुविधा में सुरक्षा खामी थी। इस सुविधा से जुड़े तकनीकी रिकॉर्ड में मतदाता पंजीकरण और जानकारी अपडेट करने वाले फॉर्म के संदर्भ नंबर दिखाई दे रहे थे। भारतीय साइबर सुरक्षा शोधकर्ताओं करण सैनी और एहजाज अहमद ने भी इस खामी की पुष्टि की। उनके अनुसार, संदर्भ नंबरों का क्रम अनुमान लगाने योग्य था, जिससे बड़े पैमाने पर जानकारियां जुटाए जाने का जोखिम पैदा हो सकता था।
पहचान पत्रों के दस्तावेज भी जोखिम में
जांच में मतदाताओं के अपलोड किए गए पहचान दस्तावेजों के फाइल पाथ तक पहुंच संभव होने का खुलासा हुआ। रॉयटर्स के एक पत्रकार ने इस तरीके से अपना पहचान दस्तावेज डाउनलोड भी किया। हालांकि, जांच में यह पुष्टि नहीं हो सकी कि किसी बाहरी व्यक्ति ने इस खामी का दुरुपयोग किया या कितने मतदाताओं की जानकारी प्रभावित हुई।
पहले भी उठ चुके हैं डिजिटल सुरक्षा पर सवाल
यह पहली बार नहीं है, जब चुनाव आयोग के डिजिटल प्लेटफॉर्म की सुरक्षा पर सवाल उठे हैं। वर्ष २०१९ में भी आयोग के ऑनलाइन मतदाता खोज पोर्टल में इसी तरह की तकनीकी कमजोरी सामने आई थी, जिसे मीडिया रिपोर्ट के बाद ठीक किया गया था। पूर्व चुनाव आयुक्त अशोक लवासा ने मौजूदा मामले पर कहा कि नागरिकों की जानकारी इसलिए एकत्र नहीं की जाती कि उसे सार्वजनिक किया जाए।
कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने इस खुलासे पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि चुनाव के संदर्भ में मतदाताओं की निजी जानकारी उजागर होने से उन्हें निशाना बनाने, डराने, उनकी प्रोफाइलिंग करने और कमजोर समुदायों के मताधिकार को प्रभावित करने की आशंका पैदा हो सकती है।
