मुख्यपृष्ठनए समाचारसर्वदलीय मोर्चे में लिया गया दृढ़ संकल्प...धारावीकरों को बेदखल नहीं होने देंगे...५००...

सर्वदलीय मोर्चे में लिया गया दृढ़ संकल्प…धारावीकरों को बेदखल नहीं होने देंगे…५०० वर्गफुट का ही घर चाहिए!

सामना संवाददाता / मुंबई

धारावीवासियों को किसी भी परिस्थिति में धारावी से बेदखल नहीं होने देंगे। धारावी की झोपड़ियों में रहने वाले लोगों को ५०० वर्गफुट और वहां की पक्की इमारतों में रहने वाले निवासियों को ८०० वर्गफुट का घर धारावी में ही मिलना चाहिए। यह दृढ़ संकल्प कल धारावी में आयोजित विशाल सर्वदलीय सभा में लिया गया। ‘धारावी हमारी है, अडानी के बाप की नहीं’ जैसे जोरदार नारों से पूरा धारावी क्षेत्र गूंज उठा। पिछले दो-तीन वर्षों से घर सहित अन्य मांगों को लेकर धारावीवासियों का संघर्ष लगातार जारी है। इस संघर्ष को और तेज करने का निर्णय भी सभा में लिया गया।

धारावी के मुकुंद नगर स्थित संविधान चौक में आयोजित इस सभा में सर्वदलीय नेताओं के साथ हजारों धारावीवासी उपस्थित थे। सभी के हाथों में तिरंगे झंडे थे। ‘५०० वर्गफुट का घर धारावी में ही मिलना चाहिए’, ‘धारावी हमारी है, अडानी के बाप की नहीं’ और ‘समझौते की प्रति दिखाए बिना पुनर्विकास नहीं होने देंगे’ जैसे नारे लगाए गए। मांगों को पूरा करने का लिखित आश्वासन मिलने तक अडानी कंपनी के पुनर्विकास से संबंधित किसी भी दस्तावेज पर हस्ताक्षर नहीं करने और भविष्य में भी अपनी एकजुटता बनाए रखने का निर्णय लिया गया।
धारावीवासियों को ५०० वर्गफुट का घर मिलना ही चाहिए- बाला नांदगांवकर
धारावीवासियों की सभी मांगें पूरी होनी चाहिए। उनका पूरा जीवन और कई पीढ़ियां धारावी में बीती हैं। उन्हें साढ़े तीन सौ नहीं, बल्कि ५०० वर्ग फुट का घर मिलना चाहिए। उनके व्यवसाय भी सुरक्षित रहने चाहिए।

कितना भी दबाव बनाएं, जीत धारावीवासियों की ही होगी – वर्षा गायकवाड
कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड और विधायक ज्योति गायकवाड ने चेतावनी दी कि कितना भी दबाव बनाने का प्रयास किया जाए, धारावी के लिए वे सड़कों पर उतरकर आंदोलन जरूर करेंगी। उन्होंने कहा कि घर के बदले घर, दुकान के बदले दुकान और उद्योग के बदले उद्योग, धारावीवासियों की इतनी सी मांग है। सरकार धारावीवासियों को उजाड़कर यहां दूसरा बांद्रा-कुर्ला संकुल बनाना चाहती है।

घरों के समझौते पर सरकारी अधिकारियों के हस्ताक्षर भी जरूरी- महेश सावंत
शिवसेना विधायक महेश सावंत ने कहा कि धारावी का विकास होना चाहिए, लेकिन सही तरीके से होना चाहिए। पुनर्विकास से जुड़े दस्तावेजों पर केवल अडानी के अधिकारियों के हस्ताक्षर पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि सरकार के महत्वपूर्ण अधिकारियों के हस्ताक्षर भी होने चाहिए। सरकार केवल अडानी के माध्यम से समझौते कर रही है।

सत्ताधारियों को धारावी में कारोबार करने की छूट न दें – किशोरी पेडणेकर
धारावी में आजादी से पहले से लोग रह रहे हैं। यहां के लोगों ने संघर्ष करके धारावी को बसाया और विकसित किया है। धारावीवासियों के घर और व्यवसाय हर हाल में सुरक्षित रहने चाहिए।
इस अवसर पर मंच पर शिवसेना नेता सुभाष देसाई, शिवसेना नेता एवं सांसद अनिल देसाई, विधायक अनिल परब और सुनील प्रभु, पूर्व महापौर श्रद्धा जाधव, आम आदमी पार्टी की प्रीति शर्मा और राफेल पॉल, कम्युनिस्ट पार्टी के प्रकाश रेड्डी, धारावी बचाव आंदोलन के राजू कोरडे, राष्ट्रवादी कांग्रेस के उल्लेश गजाकोष, बहुजन समाज पार्टी के श्यामलाल जायसवाल, अनिल कसारे, माया जाधव, कविता जाधव, साम्या कोरडे, विठ्ठल पवार, प्रकाश आचरेकर, वसंत नकासे, नगरसेवक अर्चना शिंदे, जोसेफ कोली, हर्षला मोरे और टी.एम. जगदीश सहित अनेक नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
उठ खड़े होइए, संघर्ष कीजिए!..आदित्य ठाकरे की हुंकार
‘५०० वर्गफुट का घर धारावी में ही मिलना चाहिए’, ‘धारावी हमारी है, अडानी के बाप की नहीं’ और ‘समझौते की प्रति दिखाए बिना पुनर्विकास नहीं होने देंगे’ जैसे नारे लगाए गए। मांगों को पूरा करने का लिखित आश्वासन मिलने तक अडानी कंपनी के पुनर्विकास से संबंधित किसी भी दस्तावेज पर हस्ताक्षर नहीं करने और भविष्य में भी अपनी एकजुटता बनाए रखने का निर्णय लिया गया।

विद्रोह करो…अडानी के निर्माण कार्य बंद कराओ, तभी झुकेगी सरकार -आदित्य ठाकरे

शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख व विधायक आदित्य ठाकरे ने कहा कि धारावीवासियों को घर के बदले घर और दुकान के बदले दुकान धारावी में ही मिलनी चाहिए। उन्होंने सरकार और अडानी की मनमानी के खिलाफ धारावीवासियों से संघर्ष का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि धारावीवासियों को उठाकर अडानी देवनार के कचरे के ढेर पर फेंक रहे हैं, क्या इसे स्वीकार किया जा सकता है? इसके खिलाफ विद्रोह होना चाहिए। धारावी में जहां भी अडानी के निर्माण कार्य दिखाई दें, वहां घुसकर काम बंद करा देना चाहिए। तभी सत्ताधारी आपके सामने झुकेंगे। इस शासन का एक ही नियम है कि यदि आप झुक गए तो वे आपकी गर्दन भी काट देंगे और आपके हाथ कुछ नहीं आएगा। क्या धारावीवासी इस बात को समझेंगे या नहीं?
आदित्य ठाकरे ने कहा कि महाविकास आघाड़ी सरकार ने अडानी की धारावी पुनर्विकास परियोजना की निविदा रद्द कर दी थी। धारावी का पुनर्विकास होना चाहिए, लेकिन सबसे पहले धारावीवासियों का विकास होना चाहिए। उसके बाद विकासक आए और अपना विकास करे, यही हमारी भूमिका थी। उन्होंने अडानी को संबोधित करते हुए कहा कि दुनिया में अमीर बनिए, मुंबई आइए, मेहनत कीजिए और पैसा कमाइए, लेकिन मुंबई को लूटने नहीं देंगे। जो भी करना है, मुंबई के सामने नतमस्तक होकर करना होगा। मुंबई पर बुरी नजर रखकर काम नहीं चलेगा। आदित्य ठाकरे ने कहा कि भाजपा सरकार कहती है कि उद्धव ठाकरे के मुख्यमंत्री रहते धारावी पुनर्विकास की निविदा निकाली गई थी, लेकिन भाजपा ने सरकार गिराकर निविदा अपने पक्ष में कर ली।
अडानी को १,६०० एकड़ जमीन मुफ्त दी, धारावीवासियों को १,६०० फुट भी मिलेगा क्या?
आदित्य ठाकरे ने सवाल उठाया कि सरकार ने धारावी पुनर्विकास के नाम पर १६०० एकड़ जमीन अडानी के हवाले मुफ्त में कर दी। क्या धारावीवासियों को इतनी जमीन के बदले १,६०० वर्गफुट भी मुफ्त में मिलेगा? उन्होंने धारावीवासियों से आह्वान किया कि वे मुंबईकर होने का जन्म प्रमाणपत्र लेकर मंत्रालय जाएं, मुख्यमंत्री से मिलें और कहें कि हमें १,६०० एकड़ जमीन नहीं चाहिए, बल्कि प्रत्येक परिवार को १,६०० वर्गफुट जमीन मुफ्त में दीजिए। क्या सरकार ऐसा करेगी? भाजपा सरकार द्वारा अडानी के हितों की रक्षा किए जाने पर सवाल उठाते हुए आदित्य ठाकरे ने कहा कि अडानी के स्मार्ट मीटर घर-घर लगाए गए हैं। यदि किसी का एक भी बिजली बिल बकाया रह गया तो पानी और बिजली काट दी जाएगी। ऐसी स्थिति में अडानी को १,६०० एकड़ जमीन दी जा रही है। आखिर, भाजपा सरकार का अडानी के प्रति इतना प्रेम क्यों है कि उसे सब कुछ सौंपा जा रहा है?

अन्य समाचार