-कहीं किंग कोबरा के जहर का सौदा, तो कहीं बाघ-तेंदुए की खाल की तस्करी; सोशल मीडिया बना तस्करों का नया बाजार
सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र में वन्यजीवों की सुरक्षा और अवैध शिकार रोकने के सरकारी दावों के बीच दुर्लभ और संरक्षित वन्यजीवों की तस्करी का कारोबार सामने आया है। कहीं जहरीले सांपों के जहर का सौदा हो रहा है तो कहीं बाघ, तेंदुए और चीते जैसे वन्यजीवों की खाल बेचने की कोशिश की जा रही है। इस अवैध कारोबार के लिए सोशल मीडिया को नए बाजार के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) ने लगातार दो कार्रवाइयों में महाराष्ट्र में सक्रिय वन्यजीव तस्करी के दो नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है।
डीआरआई ने पहली कार्रवाई २५ नवंबर को पुणे के बाहरी इलाके में की। कार्तिक पूर्णिमा के धार्मिक आयोजन के दौरान एजेंसी को सूचना मिली थी कि शेयर बाजार से जुड़ा एक व्यक्ति, जो सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर भी है, कथित तौर पर सांप के जहर का अवैध कारोबार कर रहा है। सूचना के आधार पर निगरानी के बाद तीन लोगों को पकड़ा गया। उनके पास से करीब दो लीटर संदिग्ध किंग कोबरा का जहर बरामद किया गया। कार्रवाई के दौरान जहर पैâलने से डीआरआई का एक अधिकारी भी घायल हो गया। दूसरी कार्रवाई २६ नवंबर को पनवेल और नवी मुंबई में की गई। जांच एजेंसी को सोशल मीडिया के जरिए वन्यजीवों की खाल बेचने की कोशिश किए जाने की जानकारी मिली थी।
