मुख्यपृष्ठग्लैमरशादी की परंपरा पर सवाल!-शरवरी वाघ

शादी की परंपरा पर सवाल!-शरवरी वाघ

राजश्री प्रोडक्शंस की फिल्मों की नायिकाएं हमेशा दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाती रही हैं। भाग्यश्री, माधुरी दीक्षित और अमृता राव के बाद अब इस परंपरा में मराठी अभिनेत्री शरवरी वाघ का नाम जुड़ गया है। सूरज बड़जात्या की फिल्म ‘मैंने प्रेम मोल लिया’ में शरवरी ने पूर्वा का किरदार निभाया है। खूबसूरती, समझदारी और भारतीय संस्कारों का मेल लिए पूर्वा आज के दौर की ऐसी युवती है, जो आधुनिकता के साथ अपनी जड़ों से भी जुड़ी है। पेश हैं, शरवरी वाघ से पूजा सामंत की हुई बातचीत के प्रमुख अंश।

‘मैंने प्रेम मोल लिया’ का ऑफर मिला तो कैसी थी प्रतिक्रिया?
सूरज बड़जात्या से मेरी मुलाकात बेहद सहज रही। उन्होंने बताया कि उन्हें मेरी फिल्म ‘वेदा’ पसंद आई है और इसी वजह से वे मुझे अपनी फिल्म की कहानी सुनाना चाहते हैं। सबसे खास बात यह रही कि उन्होंने मेरा कोई ऑडिशन नहीं लिया था। ‘राजश्री’ जैसे प्रतिष्ठित बैनर की नायिका बनना मेरे लिए बड़ी उपलब्धि है। सूरज जी ने मेरे काम पर भरोसा जताकर जो सम्मान दिया, वह मेरे लिए अनमोल है।
 शूटिंग का पहला दिन कैसा रहा?
फिल्म की शूटिंग का पहला दिन मंदिर में था, जहां टाइटल सॉन्ग ‘प्रेम मोल लिया’ फिल्माया गया। मेरे लिए राजश्री की विरासत का हिस्सा बनना सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी थी। पहले दिन दुल्हन की तरह सजने-संवरने में उन्हें घंटों लग गए। मेहंदी, साड़ी, चूड़ियां, टिकली और गजरे के साथ उनका पारंपरिक लुक तैयार हुआ। सूरज बड़जात्या के किरदार बनावटी नहीं, बल्कि परिवार के सदस्यों जैसे लगते हैं।
 यह फिल्म समानता और नारीवाद के बारे में बात करती है, आपने फिल्म उद्योग में समानता के कौन से पहलू देखे हैं?
मेरे विचार से यह फिल्म सीधे तौर पर नारीवाद की नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों और बदलती सामाजिक सोच की बात करती है। राजश्री इस फिल्म के जरिए लड़के और लड़कियों, दोनों को अपनी जिम्मेदारियां समझने का संदेश देना चाहती है। शादी के बाद हमेशा दुल्हन ही अपना घर छोड़कर दूल्हे के घर क्यों जाए? यदि उसके माता-पिता की देखभाल करने वाला कोई नहीं है, तो दूल्हा उसके साथ क्यों नहीं रह सकता? आखिर परंपराओं पर नए सिरे से संवाद होना जरूरी है।
 आप वास्तविक जीवन में समानता को किस तरह देखते हैं?
मेरी राय में, हर लड़की को वही करना चाहिए जो उसे सही लगे और लोगों को उसे खुले दिल से स्वीकार करना चाहिए। उसे नियमों और परंपराओं से बंधे नहीं रहना चाहिए। उसे वह रास्ता अपनाना चाहिए जो परिवार, युवती और युवक के लिए सही हो। उसे सदियों से चली आ रही बातों को आंख बंद करके स्वीकार नहीं करना चाहिए।
 ‘पूर्वा के किरदार के लिए वैâसे की तैयारी?‘
पूर्वा मेरे अब तक निभाए किरदारों में सबसे पसंदीदा है। वह मुंबई में रहने वाली ऐसी युवती है, जो परिवार की छह महिलाओं की आर्थिक और भावनात्मक जिम्मेदारी संभालती है। उसकी जिंदगी में प्रेम के आने से सब कुछ बदल जाता है। इस किरदार की तैयारी के लिए मैंने एक आम भारतीय लड़की की सोच, भावनाओं और पारिवारिक जुड़ाव को समझने की कोशिश की। फिल्म शादी के बाद दुल्हन के ससुराल जाने की परंपरा पर भी सवाल उठाती है और बदलते समय के साथ नई सोच अपनाने का संदेश देती है।
 यशराज छोड़कर राजश्री से जुड़ना कितना चुनौतीपूर्ण रहा?
मुझे इस बदलाव के दौरान किसी तरह की चुनौती का सामना नहीं करना पड़ा। मेरा मानना है कि एक लड़की के कई पहलू होते हैं। वह मजबूत और बहादुर होने के साथ-साथ कोमल, भावुक और संवेदनशील भी होती है, खासकर प्यार में पड़ने पर। मैंने अब तक अलग-अलग शैलियों की फिल्में की हैं, जिनमें भावनाओं की अभिव्यक्ति भी अलग-अलग रही है। हर भूमिका में मैंने इन भावनाओं को एक नए नजरिए और अंदाज से पर्दे पर उतारने की कोशिश की है।

अन्य समाचार