सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
अवध क्षेत्र के सुल्तानपुर जिले में एक धर्मस्थल से पीपल वृक्ष में टंगे दर्जनों पीतल के घंटे चोरी होने का वाकया सामने आया है। हालांकि पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर घंटाचोरी के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
वारदात जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्रांतर्गत अठैसी चौराहा स्थित पहलवान बीर बाबा धाम में घटी। इस धर्मस्थल परिसर में स्थित पीपल के पेड़ में अपनी मनोकामना पूर्ति के लिये श्रद्धालु पीतल के घंटे बांधा करते हैं। सैकड़ों घंटे यहां टंगे रहते हैं लेकिन इधर कुछ दिनों से टंगे घंटों की संख्या कम होने लगी। इसपर नजर रखी जाने लगी। बीती रात पहलवान बाबा के बगल के निवासी अनन्तराम निवासी शुक्लविजौली अठैसी ने चुपके से घंटे उतारते हुए एक व्यक्ति को देखा। उन्होंने पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंचकर रंगे हाथ घंटा चोर को दबोच लिया। जिसकी शिनाख्त ओमनरायण मिश्र निवासी चुरावनपुर के रूप में हुई। पूछताछ के बाद उसके पास से कुल ३१ पीतल के घंटे (१४ छोटे एवं १७ बड़े) बरामद किए गए।
