सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
कमला नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एंड सोशल साइंसेज के प्रबंधन संकाय के शिक्षकों ने
‘डिजिटल व्यवसाय नेतृत्व एवं स्मार्ट एंटरप्राइज सिस्टम’ पर महत्वपूर्ण पुस्तक लिखी है, जिसका मंगलवार को समारोहपूर्वक विमोचन किया गया।
इस पुस्तक के मुख्य लेखक डॉ. दीपक कुमार तथा सह-लेखक डॉ. राम सागर सिंह एवं श्री आनंद कुमार सिन्हा हैं। पुस्तक का विमोचन संस्थान के प्राचार्य प्रो. सुनील प्रताप सिंह ने प्रो. महेश प्रताप सिंह (डीन, फ़ार्मेसी), प्रो. प्रिंस दिवाकर सिंह (निदेशक), प्रो. शक्ति सिंह (उप-प्राचार्य), प्रो. रत्नेश सिंह (डीन, इंजीनियरिंग) एवं श्री अवधेश प्रताप सिंह (रजिस्ट्रार) की उपस्थिति में किया।
इस अवसर पर संस्थान के विभिन्न विभागों के समस्त शिक्षकगण, अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पुस्तक की विषय-वस्तु, उपयोगिता एवं वर्तमान डिजिटल युग में इसकी प्रासंगिकता पर चर्चा की गई।
मुख्य लेखक डॉ. दीपक कुमार ने बताया कि वर्तमान समय में डिजिटल तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा-आधारित निर्णय प्रणाली तथा स्मार्ट एंटरप्राइज सिस्टम्स व्यवसाय की कार्यप्रणाली को तेजी से बदल रहे हैं। ऐसे समय में यह पुस्तक विद्यार्थियों, शोधार्थियों, शिक्षकों एवं व्यवसाय प्रबंधन से जुड़े पेशेवरों के लिए उपयोगी शैक्षणिक संसाधन के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
सह-लेखकों डॉ. राम सागर सिंह एवं आनंद कुमार सिन्हा ने पुस्तक के लेखन के उद्देश्य और इसकी उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पुस्तक में डिजिटल बिजनेस लीडरशिप तथा आधुनिक स्मार्ट एंटरप्राइज सिस्टम्स के विभिन्न आयामों को सरल एवं व्यावहारिक रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है।
विमोचन समारोह में उपस्थित अतिथियों ने लेखकों को पुस्तक के प्रकाशन पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा कहा कि डिजिटल परिवर्तन के वर्तमान दौर में इस प्रकार के शैक्षणिक प्रयास विद्यार्थियों को नई तकनीकों और आधुनिक व्यवसायिक अवधारणाओं से जोड़ने में सहायक सिद्ध होंगे। कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों, शिक्षकगण, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया। पुस्तक के विमोचन को विभाग एवं संस्थान के लिए एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक उपलब्धि के रूप में देखा गया।
