सुरेश गोलानी / मुंबई
मीरा रोड-पूर्व में एक बार फिर `बोलबच्चन गैंग’ सक्रिय हो गया है। पूनम गार्डन इलाके में सुबह की सैर पर निकले एक ७० वर्षीय सेवानिवृत्त बुजुर्ग को अपना निशाना बनाते हुए गैंग के दो अज्ञात सदस्यों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया और बातों में उलझाकर १,६४,००० रुपये के सोने के आभूषण तथा घर की चाबियां लेकर रफूचक्कर हो गए। मीरा रोड पुलिस ने इस मामले में अज्ञात ठगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूनम गार्डन इलाके में रहने वाले ७० वर्षीय शिकायतकर्ता पूर्व होटल व्यवसायी है, जो गुरुवार (१२ नवंबर) की सुबह करीब ६ बजे रोज की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे। सुबह करीब ६:३० बजे जब वे पूनम गार्डन रोड पर सॉलिटेयर बिल्डिंग के सामने से गुजर रहे थे, तभी मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए करीब ४० से ४५ वर्ष की आयु के दो अज्ञात ठगों ने उन्हें रोका। सादे कपड़े पहने हुए इन शातिर ठगों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए बुजुर्ग पर रौब जमाया और सुरक्षा की दुहाई दी।
उन्होंने बुजुर्ग से कहा, `इस जगह पर चोरी होती है, आप बुजुर्ग हैं, इसलिए अपने हाथ में पहनी हुई अंगूठी और गले की चेन जेब में रख लें।’ इसके बाद आरोपियों ने बुजुर्ग को एक कागज थमाया और उसमें गहने लपेटकर रखने को कहा। असली पुलिस समझकर बुजुर्ग उनके झांसे में आ गए। उन्होंने अपने गले की २२ ग्राम की सोने की चेन, दो सोने की अंगूठियां और घर की चाबियां उस कागज में रख दीं। इसी दौरान `बोलबच्चन गैंग’ के इन सदस्यों ने बड़ी ही सफाई से वह कागज अपने हाथ में ले लिया और बुजुर्ग को कुछ समझने का मौका दिए बिना ही बाइक पर सवार होकर जीसीसी क्लब की दिशा में फरार हो गए।
पीड़ित बुजुर्ग की शिकायत पर मीरा रोड पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस उप निरीक्षक अज्ञानराव सलगर इस मामले की जांच कर रहे हैं और आरोपियों का सुराग लगाने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही हैं। इस घटना के बाद पुलिस ने विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति की चिकनी-चुपड़ी बातों और झांसे से सावधान रहें। सादे कपड़ों में खुद को पुलिस बताने वाले किसी भी अज्ञात व्यक्ति के कहने पर अपने गहने बिल्कुल न उतारें और पहले उनका पहचान पत्र जांचें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि के दिखने पर तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या हेल्पलाइन नंबर ११२ पर संपर्क करें
