मुख्यपृष्ठनए समाचार`मेरा फोन टैप करवा रहे हैं पीएम मोदी'...राहुल गांधी का बड़ा आरोप

`मेरा फोन टैप करवा रहे हैं पीएम मोदी’…राहुल गांधी का बड़ा आरोप

सामना संवाददाता / नई दिल्ली

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर फोन टैपिंग कराने का गंभीर आरोप लगाया है। राहुल ने दावा किया कि उनका फोन टैप किया जा रहा है और इसके सबूत भी उनके फोन में मौजूद हैं। इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए उन्होंने कहा, `सबूत यहीं हैं, मेरे फोन में हैं। प्रधानमंत्री को इसकी जानकारी है, क्योंकि वे मेरा फोन टैप कराते हैं।’ राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी को आमने-सामने सार्वजनिक बहस की चुनौती देते हुए कहा कि इस चर्चा से देश के सामने स्पष्ट हो जाएगा कि विदेशी ताकतों के नियंत्रण में कौन काम कर रहा है और देशविरोधी गतिविधियों में कौन शामिल है। उन्होंने दावा किया कि ऐसी गतिविधियों से जुड़ी कई अहम जानकारियां उनके पास हैं।

गौरतलब है कि राहुल गांधी इससे पहले भी फोन टैपिंग और जासूसी का मुद्दा उठा चुके हैं। जुलाई २०२१ में पेगासस जासूसी मामले के दौरान उन्होंने आरोप लगाया था कि केवल एक फोन नहीं, बल्कि उनके सभी फोन की निगरानी की जा रही है। उन्होंने यह भी दावा किया था कि खुफिया ब्यूरो के अधिकारी उन्हें फोन टैपिंग की जानकारी देते हैं और उनके सुरक्षा कर्मचारियों से भी बातचीत का ब्योरा वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने को कहा जाता है। उस समय राहुल ने मामले की न्यायिक जांच की मांग भी की थी।
संसद में मेरा माइक्रोफोन बंद कर दिया जाता है
राहुल गांधी ने आरोप लगाते हुए कहा `संसद में उनका माइक्रोफोन कई बार बंद कर दिया गया, उन्होंने किसान बिल, वोट चोरी, एसआईआर, चीन, नरवणे की किताब और एपस्टिन जैसे मुद्दों पर संसद में बोलने की कोशिश की, लेकिन उन्हें मौका नहीं मिला। इसी वजह से वह प्रधानमंत्री के साथ सार्वजनिक मंच पर बहस चाहते हैं। पिछले १२ वर्ष में यह लगातार सातवां मौका है, जब राहुल ने पीएम मोदी को बहस के लिए कहा है।
-`मुझसे सीधी बहस हुई तो मोदी नहीं रहेंगे प्रधानमंत्री!’
-राहुल गांधी का पीएम को खुला चैलेंज

कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक बार फिर आमने-सामने सार्वजनिक बहस की चुनौती दी है। राहुल गांधी ने दावा किया कि अगर प्रधानमंत्री मोदी और उनके बीच सीधी बहस होती है, तो मोदी प्रधानमंत्री पद पर नहीं रहेंगे।
राहुल गांधी ने इंस्टाग्राम पर आयोजित `आस्क मी’ सवाल-जवाब सत्र के दौरान यह बयान दिया। उनसे पूछा गया था कि जब बीजेपी संसद में चर्चा के लिए तैयार है, तो फिर वह सार्वजनिक बहस की मांग क्यों कर रहे हैं। इस पर राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि संसद में उन्हें खुलकर अपनी बात रखने का मौका नहीं दिया जाता। कई अहम मुद्दों पर बोलने से रोका जाता है और उनका माइक भी बंद कर दिया जाता है। राहुल गांधी ने किसान कानून, वोट चोरी, एसआईआर, चीन, जनरल नरवणे की किताब और एपस्टीन जैसे मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि इन विषयों पर उन्हें संसद में बोलने नहीं दिया गया। इसी वजह से वह प्रधानमंत्री मोदी के साथ आमने-सामने चर्चा करना चाहते हैं। उन्होंने बहस का प्रारूप भी बताते हुए कहा कि यह चर्चा लंबे भाषणों वाली नहीं होनी चाहिए। दोनों नेता एक-दूसरे पर सवाल और आरोप लगाएं और उनका सीधे जवाब दें। एक टेबल के आमने-सामने बैठकर खुली बहस होनी चाहिए। खास बात यह है कि राहुल गांधी ने इस बहस के लिए निर्णायक के तौर पर उद्योगपति गौतम अडानी या आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत को नियुक्त किए जाने पर भी आपत्ति नहीं जताई।
`विरोधियों की जासूसी करा रही भाजपा सरकार’
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के फोन टैप किए जाने के आरोपों का समर्थन करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नाना पटोले ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर तीखा हमला बोला है। पटोले ने दो टूक कहा कि राहुल गांधी के फोन टैप होने के आरोप कोई मनगढ़ंत कहानी नहीं, बल्कि हकीकत हैं। महाराष्ट्र में रहते हुए उनका अपना फोन भी टैप किया गया था। पत्रकारों से बातचीत करते हुए पटोले ने कहा कि जब वे महाराष्ट्र में थे, तब उनका फोन भी टैप किया गया था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ऊपर नरेंद्र और नीचे देवेंद्र के राज में विरोधियों की निगरानी कराई गई। पटोले ने आरोप लगाया कि जिस अधिकारी रश्मि शुक्ला पर उनका फोन टैप करने का आरोप था, उन्हें महाविकास आघाड़ी सरकार के दौरान केंद्र में भेजा गया और भाजपा की सत्ता लौटने पर महाराष्ट्र में पुलिस महानिदेशक बनाया गया।

अन्य समाचार